‘राज्य और केंद्र के आंकड़ों में अंतर पैदा कर रहा है संदेह’, अखिलेश यादव का चुनाव आयोग पर निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निर्वाचन आयोग और सरकारी आंकड़ों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग और केंद्रीय चुनाव आयोग के आंकड़ों में भिन्नता लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

डेटा और पारदर्शिता पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा यदि राज्य और केंद्र के निर्वाचन आंकड़ों में अंतर है, तो मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) का क्या औचित्य रह जाता है?

उन्होंने उम्मीद जताई कि मैपिंग ऐप और चुनाव आयोग की तकनीकी मदद करने वाली कंपनियां पूरी तरह निष्पक्ष होकर काम करेंगी। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के ‘वोट कटने’ वाले पुराने बयानों ने अधिकारियों को ‘बेईमानी’ का संकेत दिया था, जिससे अब मतदाताओं को सावधान रहने की जरूरत है।

पुलिस प्रशासन और ‘मुलायम सिंह स्मृति संस्थान’

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया (X) के माध्यम से प्रयागराज माघ मेले में निर्माणाधीन मुलायम सिंह यादव स्मृति सेवा संस्थान की सुरक्षा को लेकर तंजिया लहजे में उत्तर प्रदेश पुलिस का ‘अभिनंदन’ किया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन नेताजी के प्रति जन-आस्था से वाकिफ है, इसीलिए वहां सुरक्षा की ‘अतिरिक्त जांच’ और मुस्तैदी दिखाई जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची में उन लोगों के नाम शामिल कराएं जो छूट गए हैं।

गुरुद्वारा साहिब ने किया सम्मानित

नववर्ष के मौके पर सदर कैंट गुरुद्वारा साहिब के प्रतिनिधियों ने अखिलेश यादव को ‘सरोपा’ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। अखिलेश यादव ने दोहराया कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, नौजवान और महिलाएं पूरी तरह त्रस्त हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.