‘अगर कहीं दबा-कुचला सच मिल जाए तो…’, महाकुंभ सफाई को लेकर CM योगी पर अखिलेश यादव का तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 फरवरी को प्रयागराज दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने त्रिवेणी संगम की सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ के समापन पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात भी की। उनके इस दौरे पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे।
सीएम योगी द्वारा गंगा-यमुना के संगम स्थल की सफाई करते हुए कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने किया कटाक्ष
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी की सफाई अभियान की तस्वीर शेयर करते हुए अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा- “जिसने जो तलाशा, उसको वही मिला” का ये है साक्षात् प्रमाण… पहले तो कह रहे थे ‘गंदगी’ है ही नहीं, अब ये सब कूड़ा-करकट कहाँ से आया? जनता पूछ रही है कि ‘स्वच्छ जल’ के सेवन का वीडियो आज आयेगा या उसकी शूटिंग बाद में होगी? और चलते-चलते आग्रह है कि इस साफ़-सफ़ाई के दौरान अगर कहीं दबा-कुचला सच मिल जाए तो उसे ज़रूर बचा लीजियेगा। सत्य कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!”
विपक्ष लगातार उठा रहा है सवाल
गौरतलब है कि महाकुंभ के दौरान भी विपक्ष संगम के जल की स्वच्छता को लेकर लगातार सरकार पर सवाल खड़ा करता रहा है। अब महाकुंभ समाप्त होने के बाद सीएम योगी के सफाई अभियान ने इस बहस को और तेज कर दिया है। बता दें कि सरकार ने महाकुंभ को भव्य और दिव्य बनाने के लिए बड़े पैमाने पर सफाई और व्यवस्थाओं पर जोर दिया था, लेकिन अब विपक्ष इसे लेकर सरकार को घेर रहा है। इस पूरे मामले में भाजपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Also Read: UP News: चंदौली में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की दर्दनाक मौत, पांच की हालत गंभीर

