PM Modi के चीन दौरे पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- चीनी सामान ने बढ़ाई बेरोजगारी
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री के चीन दौरे को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चीन से आने वाले सामानों पर भारत की बढ़ती निर्भरता ने देश के उद्योगों और कारखानों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा के आत्मनिर्भर, स्वदेशी और चीनी सामान के बहिष्कार जैसे जुमलों की सच्चाई चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन पर भारत की निर्भरता लगातार बढ़ रही है, जिसका बुरा असर हमारे उद्योगों और दुकानों पर पड़ रहा है, और यही कारण है कि बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ रही है।
सपा मुखिया ने आगे कहा कि भाजपा को चीनी चाल की क्रोनोलॉजी समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले चीन अपना सामान भारत के बाजारों में भरेगा, जिससे उन पर हमारी निर्भरता बढ़ जाएगी। इसके बाद चीन हमारी हर गलत हरकत को नजरअंदाज करने के लिए मजबूर कर देगा। अखिलेश यादव ने कहा कि इसके बाद चीन हमारे उत्पादों और उद्योगों को धीरे-धीरे बंद करवा देगा और फिर मनमाने दामों पर हर चीज सप्लाई करेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बाद महंगाई और बेरोजगारी बढ़ेगी, जिससे सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा भी बढ़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसके बाद बिना बहुमत वाली भाजपा सरकार इतनी कमजोर हो जाएगी कि चीन के अतिक्रमण को चुनौती नहीं दे पाएगी।
अखिलेश यादव ने भाजपा से सवाल किया कि वे यह बताएं कि चीनी कब्जे के बाद देश का कुल क्षेत्रफल कम हुआ है या नहीं। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली वाली सरकार जवाब नहीं दे सकती, तो लखनऊ में बैठे बुलडोजर वाले प्रवासी ही इस सच्चाई का जवाब दें, क्योंकि उनका मूल निवास स्थान भी चीनी कब्जे का शिकार हुआ है।
Also Read: Jaunpur News: गांव में रहस्यमय ड्रोन उड़ने से ग्रामीणों में भय, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

