UP News: अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए कसा तंज, लिखा- समाज पर हो रहे अत्याचार पर कुछ तो कहिए, कम से कम…
UP Politics: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और समाजवादी पार्टी के बीच चल रही जुबानी जंग के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर निशाना साधा है।
सोमवार को उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि समाज पर हो रहे अन्याय को लेकर बोलने का साहस न हो तो कम से कम इशारे में ही कुछ कह दीजिए।
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में कहा- “खाली बैठे लोग सिर्फ बातों को बढ़ाते हैं, जबकि काम करने वाले लोग आगे बढ़ जाते हैं। आइए, हम सब ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मिलकर सकारात्मक राजनीति की दिशा में आगे बढ़ें और संकल्प लें कि एक ऐसी सरकार बनाएंगे जो सामाजिक न्याय की पक्षधर होगी।”
उन्होंने बिना नाम लिए बीजेपी नेताओं और उनके सहयोगियों पर भी कटाक्ष किया और कहा, जो लोग अपने दलों में पूछे नहीं जाते, अपने मंत्रालय की विफलताओं को ढकने के लिए निरर्थक बातों और चापलूसी में समय बिताते हैं, उनसे निवेदन है कि कुछ सार्थक भूमिका निभाएं।
जिस समाज का आप प्रतिनिधित्व करते हैं, अगर वह समाज आपको थोड़ा भी अपना मानता है, तो उस पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ कुछ कहिए। अगर खुलकर नहीं बोल सकते तो इशारों में ही कुछ कह दीजिए।
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि परिपक्व बनिए, सौम्य और शिष्ट भाषा अपनाइए। उन पर भरोसा मत कीजिए जो अपनों के भी नहीं हुए। वैसे भी आप मूल रूप से उनके नहीं हैं, आप बाहरी हैं।
भाजपाइयों जैसा बोलकर उनके जैसे बनने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सच ये है कि आपका इस्तेमाल हो रहा है। सपा प्रमुख ने बीजेपी में शामिल बाहरी नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा, अगर आपको लगता है कि वे आपको स्वीकार करेंगे,
तो सोचिए उन लोगों के बारे में जो जन्मजात भाजपाई थे और आज हाशिये पर हैं। अगर वो आज वहां हैं, तो आप कल वहीं होंगे।
अखिलेश ने अंत में यह भी जोड़ा कि यदि कभी संकट आए, तो समाजवादी पार्टी आपके साथ खड़ी रहेगी। हमें पता है वह समय दूर नहीं है, क्योंकि न तो आप और न ही आपका समाज, वर्तमान सत्ता के लिए मायने रखता है।
उनके लिए आपका समाज दोयम दर्जे का भी नहीं है। अब समय आ गया है कि आप अपनी नैतिकता और आत्मसम्मान को बचाएं।
उन्होंने यह कहते हुए पोस्ट खत्म किया कि यह उनका अंतिम पत्र है, क्योंकि अब हमें जनता के हक की लड़ाई में उतरना है।
Also Read: UP News: अखिलेश यादव और ब्रजेश पाठक के बीच बढ़ते विवाद पर CM योगी ने दी सपा को नसीहत

