गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत पर अखिलेश यादव ने कसा तंज, बोले- पटकथा लिखने वाले हो जाएं सावधान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के हरिद्वार में तीन दिन पहले पुलिस कस्टडी में गोलीबारी का शिकार हुए कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की शनिवार सुबह ऋषिकेश एम्स (AIIMS) में इलाज के दौरान मौत हो गई। 50 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद त्यागी को लक्सर फ्लाईओवर के पास बदमाशों ने उस समय निशाना बनाया था, जब पुलिस उसे कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही थी।
क्या थी पूरी घटना?
तीन दिन पहले हरिद्वार पुलिस की गाड़ी जब जाम में फंसी थी, तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में विनय त्यागी और एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। इस घटना को बिल्कुल ‘फिल्मी अंदाज’ में अंजाम दिया गया, जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अखिलेश यादव का ‘स्क्रिप्ट’ वाला तंज
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे एक सोची-समझी पटकथा (Script) करार देते हुए लिखा “हर बार नई कहानी नहीं बनाई जाती है, कभी-कभी नए पात्रों के साथ दोहराई भी जाती है। उप्र में पटकथा लिखने वाले सावधान हो जाएं।”
अखिलेश यादव का यह इशारा यूपी में होने वाले पुलिस एनकाउंटर्स और कस्टोडियल घटनाओं की ओर था, जिसे उन्होंने ‘पुरानी स्क्रिप्ट’ का हिस्सा बताया।
750 करोड़ की चोरी और रंजिश का एंगल
विनय त्यागी की मौत के बाद उसकी बहन सीमा त्यागी ने बेहद चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार देहरादून में एक NHAI ठेकेदार के घर से 750 करोड़ रुपये के सोना, चांदी और कैश की चोरी हुई थी। यह माल कथित तौर पर ईडी (ED) से बचने के लिए छिपाकर रखा गया था। सीमा का दावा है कि विनय ने इसी माल को अपने कब्जे में लिया था, जिसके कारण ठेकेदार से उसकी रंजिश थी और इसी रंजिश में उसकी हत्या की साजिश रची गई।
Also Read: ‘मनरेगा’ का नाम बदलने पर CWC बैठक में भड़के राहुल गांधी, बोले- देश में ‘वन मैन शो’ जारी

