चीन से उतना ही खतरा जितना आतंकवाद से, अखिलेश यादव ने लोकसभा में सरकार को चेताया

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने मंगलवार को सदन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चल रही चर्चा के दौरान चीन के मुद्दे पर सरकार को आगाह किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हमें चीन से उतना ही खतरा है जितना हमारे देश को आतंकवाद से है।

लोकसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि बेशक पाकिस्तान से आतंकवाद आ रहा है, लेकिन इस मुल्क के पीछे चीन खड़ा है, जिससे हमें सावधान रहना पड़ेगा। उन्होंने दोहराया कि समाजवादियों ने हमेशा देश की सरकारों को चेताया है कि हमारा असली खतरा पाकिस्तान नहीं, बल्कि चीन है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि चीन न सिर्फ समय-समय पर हमारी जमीन छीन रहा है, बल्कि हमारे बाजार को भी छीनने का काम कर रहा है।

चीन से कारोबार कम करने की मांग

सपा प्रमुख ने सरकार से यह मांग उठाई कि चीन और पाकिस्तान पर लगाम लगाने के लिए 10 या 15 साल के लिए ऐसा फैसला लेना चाहिए, जिससे वहां से हमारा कारोबार कम होता चला जाए। उन्होंने जोर दिया कि अगर चीन से हमारा कारोबार कम नहीं हुआ तो हम भारत को आत्मनिर्भर नहीं बना पाएंगे।

अखिलेश यादव ने सदन में फिर दोहराया कि अगर हमें पाकिस्तान से खतरा है, तो चीन राक्षस है। वह हमारी जमीन और हमारा बाजार दोनों छीन लेगा। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए पूछा, क्या भारत सीमा पर चीन से बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बना रहा है? इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।

अग्निवीर योजना वापस लेने की मांग

समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने यह भी मांग की कि सरकार को रक्षा बजट को भी बढ़ाना चाहिए और यह जीडीपी का कम से कम 3 प्रतिशत होना चाहिए। लोकसभा में सपा प्रमुख ने ऑपरेशन महादेव की टाइमलाइन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सवाल किया कि पहलगाम के आतंकवादियों का एनकाउंटर कल (28 जुलाई) ही क्यों हुआ?

Also Read: Bareilly News: अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, NDPS एक्ट में केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.