आजम खां से मिलने रामपुर जाएंगे अखिलेश यादव, 9 अक्टूबर को बसपा की रैली से पहले करेंगे मुलाकात

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को आजम खां से मिलने के लिए रामपुर जाएंगे। अखिलेश का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राजनीतिक गलियारों में आजम खां के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने की अटकलें तेज हैं।

9 अक्टूबर की बसपा रैली से पहले मुलाकात

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अखिलेश यादव ने यह तारीख इसलिए चुनी है क्योंकि 9 अक्टूबर को बसपा रामपुर में एक बड़ी रैली करने जा रही है। सपा सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश के रामपुर दौरे का पूरा कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।

गौरतलब है कि आजम खां 23 महीने बाद मंगलवार को ही जेल से रिहा हुए थे। हालांकि, उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए बसपा में जाने की अटकलों को खारिज कर दिया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “हमारे पास चरित्र नाम की एक चीज है। लोग हमें प्यार और इज्जत दें, यही काफी है।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके मन में किसी के लिए कोई कड़वाहट या नाराजगी नहीं है।

जब आजम खां से पूछा गया कि जेल के दौरान कई बड़े नेता उनसे मिलने क्यों नहीं आए, तो उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि सब खुश और आबाद रहें। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जो लोग उन्हें पहले नहीं पहचानते थे, अब दर्ज मुकदमों की वजह से सब जानने लगे हैं।

Also Read: बिहार चुनाव: महागठबंधन का पहला मैनिफेस्टो जारी, आरक्षण-शिक्षा समेत 10 बड़े वादों का किया ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.