अखिलेश यादव आज रामपुर में आज़म ख़ान से करेंगे मुलाकात, क्या दूर होगी पार्टी की सबसे बड़ी नाराज़गी?
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज (बुधवार) पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म ख़ान से मुलाकात करने के लिए रामपुर जाएंगे। अखिलेश यादव चार्टर प्लेन से बरेली के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर वहां से सड़क मार्ग से रामपुर रवाना होंगे। इस दौरे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं दोनों जिलों का प्रशासन भी सुरक्षा के मद्देनजर पूरी तरह चौकस है।
आज़म ख़ान के ‘गिले-शिकवे’ होंगे दूर
यह मुलाकात इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद आज़म ख़ान के पार्टी से नाराज़ होने और ‘कहीं और ठिकाना ढूंढने’ की अटकलें लगाई जा रही थीं। इन अटकलों को शांत करने के लिए अखिलेश यादव आज़म ख़ान से मिल रहे हैं।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि अखिलेश इस मुलाकात के जरिए यह संदेश देना चाहते हैं कि सपा में आज़म ख़ान जैसे पार्टी के संस्थापक सदस्यों का पूरा सम्मान है, और इस भेंट से आज़म ख़ान के सभी गिले-शिकवे दूर हो जाएंगे। गौरतलब है कि आज़म ख़ान की रिहाई के समय सपा का कोई बड़ा नेता उनसे मिलने नहीं गया था, जिस पर उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में टिप्पणी भी की थी।
अखिलेश के आगमन पर आज़म ख़ान का तंज
अखिलेश यादव के आगमन से पहले, आज़म ख़ान ने मीडिया से बात करते हुए तंज कसते हुए कहा, “सुना है कि अखिलेश यादव आ रहे हैं। यह आप सभी का प्यार है कि वह एक मुर्गी चोर से मिलने आ रहे हैं।”
उन्होंने अपनी कानूनी मुश्किलों का जिक्र करते हुए कहा कि उन पर 104 मुकदमे हैं और एक मुकदमे में 21 साल की सज़ा और 34 लाख रुपये का जुर्माना लगा है। आज़म ख़ान ने मीडिया से यह भी कहा कि “मेरा घर कोई खरीद ले, ताकि जुर्माना भरा जा सके।”
दौरे का कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था
जारी कार्यक्रम के अनुसार, सपा प्रमुख आज दोपहर 12:30 बजे रामपुर पहुंचेंगे और सीधे आज़म ख़ान से मिलने उनके आवास जाएंगे। वह वहाँ लगभग एक घंटे तक मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आपसी गिले-शिकवे दूर होने और आज़म ख़ान की सेहत का हाल जानने की उम्मीद है।
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिसके लिए तीन मजिस्ट्रेट और सीओ को तैनात किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव बरेली में पिछले दिनों हुई पुलिस लाठीचार्ज की घटना और उसके बाद की स्थिति पर भी स्थानीय नेताओं से जानकारी लेंगे।
Also Read: सहारा सिटी पर नगर निगम का कब्जा: 2480 करोड़ की संपत्ति को लेकर हाईकोर्ट में आज सुनवाई

