लोहिया जयंती पर अखिलेश का ‘जातीय जनगणना’ दांव, बोले- इसलिए पिछड़ों की गिनती नहीं कर रही सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती सोमवार को राजधानी लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में आयोजित हुआ, जहाँ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डॉ. लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. लोहिया के साथ-साथ महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भी उनकी शहादत पर याद किया।
“संसोपा ने बांधी गांठ, पिछड़े पावे सौ में साठ”
पत्रकारों से वार्ता करते हुए अखिलेश यादव ने डॉ. लोहिया के प्रसिद्ध नारे को दोहराते हुए जातीय जनगणना की मांग को फिर से हवा दी। उन्होंने कहा “भाजपा सरकार पिछड़ों और दलितों की गिनती नहीं कराना चाहती। जनगणना का विज्ञापन तो आया है, लेकिन जातीय आधार पर कोई स्पष्टता नहीं है। बिना गणना के समाज में भेदभाव खत्म नहीं होगा। डॉ. लोहिया का मानना था कि सबको उनकी आबादी के हिसाब से हक मिलना चाहिए, लेकिन सरकार मुनाफाखोरी और भेदभाव को बढ़ावा दे रही है।”

महंगाई और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
अखिलेश यादव ने देश में बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया का सिद्धांत था कि ‘ज्यादा मुनाफा कमाना ही भ्रष्टाचार है’। भाजपा अपने करीबी उद्योगपतियों को लाभ पहुँचाने के लिए मुनाफाखोरी करा रही है, जिसका सीधा असर गरीबों की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अमीर और गरीब के बीच बढ़ती खाई को पाटने के लिए समाजवादी विचारधारा ही एकमात्र विकल्प है।
जेपीएनआईसी और अधिकारियों को ‘सियासी’ संकेत
पार्क की हरियाली और विरासत की चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने लोहिया पार्क और जनेश्वर मिश्र पार्क जैसे ऐतिहासिक स्थल दिए, जबकि भाजपा के पार्कों में पेड़-पौधे तक नहीं हैं। जेपीएनआईसी (JPNIC) की पार्किंग खोले जाने पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा “लगता है अब अधिकारियों को हवा का रुख पता चल गया है। उन्हें समझ में आ गया है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार आ रही है, इसीलिए रुकी हुई फाइलें और पार्किंग खुलने लगी हैं।”

दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अभिषेक मिश्र, रविदास मेहरोत्रा, अरमान खान और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। विधायक रविदास मेहरोत्रा ने लोहिया संस्थान (RMLIMS) में भी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान हजारों कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया के ‘सप्तक्रांति’ के मार्ग पर चलने और महिलाओं, किसानों व नौजवानों के सम्मान के लिए जीवनभर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
Also Read: Lucknow News: कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने वाला वारंटी गिरफ्तार, पुलिस ने महोना से दबोचा

