तस्वीर विवाद पर अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया, बोले- क्या बीजेपी के लोग अपने…

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी में जारी तस्वीर विवाद पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पहली प्रतिक्रिया सामने आ गई है। अखिलेश यादव ने इस विवाद पर सपा कार्यकर्ता को समझाने के बात करते हुए बीजेपी पर तीखा प्रहार किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि “लालचंद गौतम से जो गलती हुई उसको हम समझाएंगे कि भविष्य में किसी भी नेता के साथ या किसी भी महापुरुष के साथ इस तरह की तस्वीर नहीं बनाए। लेकिन क्या भारतीय जनता पार्टी के लोग अपने नेता को समझाएंगे?”

आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव पर बाबासाहेब का अपमान करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद बृजलाल, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, एमएलसी लालजी निर्मल सहित बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग और भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

दरअसल समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव की एक तस्वीर बहुत वायरल हो रही थी। जिसमें बाबा साहेब के चेहरे के साथ अखिलेश यादव के चेहरे को मिलाकर दिखाया गया है।

लोहिया वाहिनी के एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव को एक ऐसी तस्वीर भेंट की गई, जिसमें बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के चेहरे के साथ अखिलेश यादव के चेहरे को मिलाकर दिखाया गया था। बीजेपी और बसपा ने इसे बाबा साहेब का अपमान बताया है।

Also Read: अंसल ग्रुप के ठिकानों पर ईडी की रेड, लखनऊ-गाजियाबाद समेत सात ठिकाने खंगाल रही टीम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.