अखिलेश यादव का ‘पंच परमेश्वर’ वाला दांव, चुनाव आयोग को याद दिलाया गौरवशाली इतिहास

Sandesh Wahak Digital Desk: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कई मोर्चों पर सरकार को घेरा। उनके बयानों में जहां चुनाव आयोग से ‘न्याय’ की उम्मीद दिखी, वहीं भाजपा की ‘नकारात्मक राजनीति’ के खिलाफ कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की नसीहत भी थी।

“पंच परमेश्वर” जैसी निष्पक्षता दिखाए चुनाव आयोग

वोटर लिस्ट में धांधलियों (S.I.R. विवाद) को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने आयोग को जो सबूत सौंपे हैं, वे ईमानदार जमीर की आवाज हैं। उन्होंने पुरानी कहानी का उदाहरण देते हुए कहा “बचपन में हमने ‘पंच परमेश्वर’ की जो कहानी सुनी थी, उस पर हमारा एतबार आज भी कायम है। चुनाव आयोग जब अपने गौरवशाली अतीत के प्रति सजग रहेगा, तभी लोकतंत्र और उसके अधिकारियों का मान-सम्मान बचेगा।” उन्होंने उम्मीद जताई कि फर्जी फॉर्म-7 भरने वाले दोषियों पर चुनाव आयोग सख्त कानूनी कार्रवाई और एफआईआर (FIR) दर्ज कराएगा।

Akhilesh Yadav

गोरखपुर की ‘अंधेरी’ गलियों और स्वास्थ्य मंत्री पर हमला

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में आंखों की रोशनी छिनने (चिकित्सा लापरवाही) के मामलों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा “मुख्यमंत्री जब गोरखपुर आते हैं, तो क्या सिर्फ राजनीतिक जोड़-गांठ करते हैं या जनता का हिसाब भी लेते हैं? इस बार जनता ‘चिराग तले अंधेरा’ की कहावत को सच करते हुए उन्हें गोरखपुर में भी हराएगी।”

Akhilesh Yadav

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनका अपना विभाग ही उनसे उपेक्षित है। अखिलेश ने तंज कसा कि मंत्री जी ने मोबाइल में ‘रिमाइंडर’ लगा रखा है ताकि उन्हें याद रहे कि वे स्वास्थ्य मंत्री हैं, क्योंकि विभाग में तो उनकी कोई सुनता नहीं है। उन्होंने विभाग में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का भी गंभीर आरोप लगाया।

भाजपा की ‘विध्वंस’ बनाम सपा की ‘विकास’ की राजनीति

पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सावधान किया कि भाजपा पीडीए (PDA) को बदनाम करने और नौजवानों में फूट डालने की साजिश रच रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बीजेपी के जाल में न फंसे और नकारात्मकता से दूर रहें। उन्होंने दोहराया कि डॉ. लोहिया और बाबा साहब अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलते हुए ‘पीडीए’ ही एकमात्र विकल्प है और 2027 में सपा की सरकार बनने जा रही है।

Akhilesh Yadav

माहे रमजान की मुबारकबाद

राजनीतिक हमलों के बीच अखिलेश यादव ने देशवासियों को रमजान के पवित्र महीने की बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि यह महीना हमदर्दी, सब्र और नेकियों पर चलने का संदेश देता है। पैगम्बर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए उन्होंने सभी के लिए बरकत की दुआ की।

Also Read: बोर्ड परीक्षा: बड़ी लापरवाही, 700 परीक्षार्थियों के आवेदन निरस्त, कुशीनगर में परीक्षा से हुए वंचित छात्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.