‘केजरीवाल का बेदाग छूटना भाजपा के लिए ‘नैतिक मृत्युदंड’ जैसा’, अखिलेश यादव का तीखा प्रहार

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के आरोप मुक्त होने के फैसले के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा को ‘कपटजीवी’ करार दिया और कहा कि आज सत्य और न्याय की जीत हुई है।

‘भाजपा समर्थक शर्म से पानी-पानी’

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक लंबा बयान जारी करते हुए कहा कि आरोप कभी इतना बड़ा नहीं हो सकता कि वह सच को हमेशा के लिए दबा ले। उन्होंने लिखा, “आज दिल्ली के लोकप्रिय नेता अरविंद केजरीवाल के साथ सत्य खड़ा है। हर ईमानदार व्यक्ति आज राहत महसूस कर रहा होगा, जबकि भाजपा समर्थक शर्म के मारे घोर आत्म-लज्जित हो रहे होंगे।”

इतिहास के पन्नों से भाजपा को घेरा

सपा अध्यक्ष ने भाजपा की विचारधारा पर हमला करते हुए उन्हें ‘विचारवंशी कपटजीवी’ बताया। उन्होंने कहा कि जो लोग हमारे महान संतों, शंकराचार्यों और स्वतंत्रता सेनानियों तक को नहीं छोड़ते, वे किसी सरकार या व्यक्ति को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग आजादी के दीवानों के खिलाफ मुखबिरी करते थे, आज वे किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं।

‘केजरीवाल भ्रष्ट नहीं हैं’

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा ने दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात किया है और उनके लिए यह अदालती फैसला किसी ‘नैतिक मृत्युदंड’ से कम नहीं है। गौरतलब है कि कोर्ट का फैसला आने के बाद अरविंद केजरीवाल भी मीडिया के सामने बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने नम आंखों से बस इतना कहा, “मैं भ्रष्ट नहीं हूं।” अखिलेश यादव के इस समर्थन के बाद अब विपक्षी एकजुटता और ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच तालमेल और मजबूत होता दिख रहा है।

Also Read: Lucknow News: RLD की 15 मार्च को देवरिया में बड़ी रैली, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्लान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.