दिल्ली ब्लास्ट पर अखिलेश यादव का बयान, बोले- ‘एजेंसियों की नाकामी’ की जांच हो
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुई कार विस्फोट की घटना पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इसके पीछे जो भी आरोपी हों, उन पर सख्त और कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
सुरक्षा विफलता पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने देश के प्रधानमंत्री के बयान का हवाला देते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, उन्होंने इस घटना को राजधानी दिल्ली के एक अति-संवेदनशील क्षेत्र में होने को निंदनीय बताया और सुरक्षा तंत्र की विफलता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद और गंभीर घटना है, जिसकी हर पहलू से जांच की जानी चाहिए। “हमें यह सोचना होगा कि आखिरकार फेलियर कहाँ हैं? इसके पीछे कौन था?”
उन्होंने कहा कि इस ब्लास्ट से राजधानी में जो भय व्याप्त हुआ है, उससे जनता को उबारने के लिए तुरंत सुरक्षा प्रबंध किए जाने चाहिए। सपा प्रमुख ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और सभी घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज सुनिश्चित करने की मांग की।
बिहार के मतदाताओं से अपील
दिल्ली ब्लास्ट पर प्रतिक्रिया देने के बाद, अखिलेश यादव ने बिहार में चल रहे विधानसभा चुनाव के संदर्भ में मतदाताओं से अपील की। उन्होंने बिहार के हर एक मतदाता से अपील की कि वे अपने सुरक्षित वर्तमान और सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए अपना वोट डालने जरूर जाएं। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में वोट की शक्ति सर्वोपरि होती है। इसलिए अपना वोट डालिए और अपनी शक्ति पहचानिए।”
Also Read: आजम खान को एमपी-एमएलए कोर्ट ने दी बड़ी राहत, हेट स्पीच मामले दोषसिद्धि रद्द

