‘अखिलेश के PDA का गुब्बारा फूट चुका है’, योगी के मंत्री का सपा पर तीखा वार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी से विधायक पूजा पाल को निकाले जाने के फैसले पर अब सियासी घमासान और तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर में बड़ा बयान देते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को ‘गैर-जिम्मेदार’ बताया है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि पूजा पाल ने सिर्फ इतना कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उन्हें न्याय दिलाया है, लेकिन अखिलेश यादव इसे बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्हें पार्टी से निकाल दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जिस PDA (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) फॉर्मूले का ढोल पीटते हैं, उसे उन्होंने खुद ही ध्वस्त कर दिया है।
‘2027 में जनता देगी जवाब’
कपिल देव अग्रवाल ने साफ कहा कि अखिलेश का यह कदम सपा के लिए राजनीतिक रूप से बहुत भारी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूजा पाल के निष्कासन से दलितों, पिछड़ों और गरीबों में नाराजगी बढ़ गई है। मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का जवाब जरूर देगी और सपा को एक बड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा पूरा प्रदेश देख रहा है कि पीडीए का गुब्बारा फूट चुका है। अखिलेश यादव केवल पूजा पाल को नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की गरीब और पिछड़ी जनता की उम्मीदों को ठेस पहुंचा रहे हैं।
अग्रवाल ने यह भी कहा यह पाकिस्तान नहीं, हिंदुस्तान है। यहां सभी धर्मों और वर्गों के लोग रहते हैं। अखिलेश को जनता की भावनाओं को समझना चाहिए। बीजेपी लगातार इस मामले को अखिलेश यादव की नाकामी और उनके PDA फॉर्मूले की कमजोरी से जोड़कर पेश कर रही है।
Also Read: UP Politics: पूजा पाल की दूसरी चिट्ठी ने मचाया बवाल, अखिलेश यादव ने दे डाली ये नसीहत

