‘अखिलेश की पीडीए सिर्फ अत्याचार पर आधारित’, मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि अखिलेश की राजनीति हमेशा से पिछड़ों और दलितों के शोषण पर आधारित रही है।
‘अखिलेश के गैरकानूनी काम, सजा पाते हैं पिछड़े नेता’
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव एक तरफ ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके कारनामों की वजह से गायत्री प्रजापति और रमाकांत यादव जैसे पिछड़े समाज के नेता जेल में हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश खुद बच जाते हैं, लेकिन उनके कहने पर गैरकानूनी काम करने वाले दलित और पिछड़े नेताओं को जेल जाना पड़ता है। राजभर ने कहा कि यही अखिलेश की ‘पीडीए पॉलिटिक्स’ का असली चेहरा है, जिसमें ‘काम अखिलेश करते हैं और सजा पीडीए समाज के नेता भुगतते हैं।’
‘कुम्हार के चाक का अपमान’
मंत्री राजभर ने अखिलेश यादव पर एक और गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने मंच से कुम्हार समाज के प्रतीक चिन्ह ‘कुम्हार के चाक’ को हटवा दिया। राजभर ने इसे प्रजापति समाज और मेहनतकश बिरादरी का खुला अपमान बताया।
उन्होंने कहा कि कुम्हार का चाक भारतीय संस्कृति, श्रम और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों से हर कारीगर को सम्मान दे रहे हैं, अखिलेश का रवैया सिर्फ वोट बैंक की राजनीति तक सीमित है। राजभर ने चेतावनी दी कि जनता अखिलेश के इस दोहरे चरित्र का आने वाले चुनाव में जरूर जवाब देगी।
Also Read: CM योगी ने किया अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का सम्मान, नाम पर स्कॉलरशिप का ऐलान

