आतंकी गतिविधियों से कोई लेना-देना नहीं, दिल्ली ब्लास्ट के बाद अल फलाह यूनिवर्सिटी ने जारी किया बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल के भंडाफोड़ और दिल्ली के लाल किले के निकट हुए भीषण ब्लास्ट के बाद हरियाणा की अल फलाह यूनिवर्सिटी का नाम सुर्खियों में आने के बाद, यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने बुधवार को अपनी तरफ से एक आधिकारिक बयान जारी किया है। यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि उसका इस आतंकी घटना या किसी भी शरारती गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है।
गरिमा को ठेस पहुँचने पर जताया दुख
यूनिवर्सिटी ने कहा कि जिन लोगों को भी इस ब्लास्ट में अपनी जान गँवानी पड़ी, उनके प्रति वे दुख व्यक्त करते हैं। लेकिन जिस तरह से इस घटना के बाद उनकी यूनिवर्सिटी का नाम लिया जा रहा है, उससे इसकी गरिमा को ठेस पहुँच रही है।
आधिकारिक बयान में कहा गया, हमारे संज्ञान में आया है कि हमारे दो डॉक्टरों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन हम यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि हमारे यूनिवर्सिटी परिसर का इस्तेमाल किसी भी शरारती गतिविधियों में प्रयुक्त होने वाले केमिकल के निर्माण के लिए नहीं किया गया था। ऐसी जानकारी पूरी तरह से भ्रामक और बेबुनियादी हैं।
यूनिवर्सिटी ने बताया कि परिसर में स्थित सभी प्रयोगशालाओं का इस्तेमाल निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुरूप सिर्फ एमबीबीएस और अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए किया जाता है। यूनिवर्सिटी ने सभी संगठनों और लोगों से अपील की है कि वे बिना सत्यापन किए यूनिवर्सिटी के संबंध में किसी भी मंच पर कोई भी जानकारी साझा न करें।

बयान में यह भी कहा गया है, हम इस मुश्किल घड़ी में राष्ट्र के साथ खड़े हैं। इस घटना के संबंध में जो भी जाँच हो रही है, उसमें हमारी तरफ से पूरी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया कि उनके सभी छात्र पूरी तरह से सिर्फ पढ़ाई में संलिप्त हैं।
Also Read: पाकिस्तान के स्वात में बम धमाका, बाल-बाल बचे अवामी नेशनल पार्टी के नेता मुमताज अली खान

