Bareilly News: अलंकार अग्निहोत्री ने नई सनातनी पार्टी बनाने का किया ऐलान
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के चर्चित पीसीएस (PCS) अधिकारी और बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने प्रशासनिक गलियारों के बाद अब राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। बीते महीने यूजीसी एक्ट और अन्य मुद्दों पर विरोध जताते हुए इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री ने शुक्रवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी।
बांके बिहारी की शरण में लिया फैसला
शुक्रवार को ‘विजय एकादशी’ के शुभ अवसर पर वृंदावन पहुँचे अलंकार अग्निहोत्री ने ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन किए। मंदिर परिसर से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया और समर्थकों से बात करते हुए कहा, पूरा सनातनी समाज लंबे समय से एक राजनीतिक विकल्प की तलाश में था। आज प्रभु का आशीर्वाद लेकर मैं यह घोषणा करता हूँ कि हम वर्तमान व्यवस्था से अलग होकर अपनी पहचान के साथ एक नई सनातनी पार्टी का गठन कर रहे हैं।
अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिस तरह प्रदेश में अपना दल, निषाद पार्टी और राजभर पार्टी जैसे दल अपने समाज और पहचान के लिए काम कर रहे हैं, उसी तरह उनकी पार्टी भी सनातनी पहचान के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में वे किसी के साथ गठबंधन भी कर सकते हैं या फिर अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प भी खुला है। वे जल्द ही भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission) के पास पार्टी के पंजीकरण के लिए आवेदन करेंगे। पार्टी के नाम और झंडे को लेकर जल्द ही औपचारिक खुलासा किया जा सकता है।
Also Read: बलरामपुर: सरकारी परिसरों में सेंध लगाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

