Aligarh News: पुश्तैनी जमीन को लेकर परिवार में विवाद, शाहरुख खान के को-स्टार चंद्रचूड़ सिंह ने दर्ज कराई FIR
Aligarh News: बॉलीवुड अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के परिवार में पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है।
अभिनेता ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के जलालपुर गांव स्थित अपने दादा की जमीन से जुड़े मामले में अपनी बुआ, दो चचेरे भाइयों समेत सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
चंद्रचूड़ ने वसीयत में कथित फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है।
दादा की वसीयत में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
चंद्रचूड़ सिंह की शिकायत के मुताबिक, उनके दादा ठाकुर हरेंद्र पाल सिंह जलालपुर गांव में बड़े जमींदार थे।
अभिनेता का आरोप है कि 1997 में उनकी तबीयत बेहद खराब थी और वह वसीयत पर हस्ताक्षर करने की स्थिति में नहीं थे, इसके बावजूद दस्तावेज पर उनके हस्ताक्षर की नकल की गई।
अभिनेता ने आरोप लगाया कि उनके चाचा गंगा सिंह और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों ने कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर वसीयत तैयार कराई।
उनका दावा है कि इसके जरिए उनके पिता और दिवंगत कैप्टन बलदेव सिंह को पुश्तैनी संपत्ति में मिलने वाले अधिकार से वंचित किया गया।
कई संपत्तियां बेचने का भी आरोप
चंद्रचूड़ सिंह ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि विवादित वसीयत में शामिल कई संपत्तियों को पिछले कुछ वर्षों में बेच दिया गया या दूसरे लोगों के नाम कर दिया गया।

उन्होंने वसीयत तैयार होने के समय मौजूद लोगों और परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए हैं।
अभिनेता के मुताबिक, पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। वहीं, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया गया है।
अब पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
फिल्मों में भी सक्रिय हैं चंद्रचूड़
चंद्रचूड़ सिंह ने अपने फिल्मी करियर में कई चर्चित फिल्मों में काम किया है। वह शाहरुख खान के साथ भी स्क्रीन शेयर कर चुके हैं।
उन्हें आखिरी बार अक्षय कुमार की फिल्म ‘कठपुतली’ में देखा गया था।
इसके अलावा हुमा कुरैशी के साथ उनकी फिल्म ‘बयान’ भी चर्चा में रही है, जिसे टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया था।

