अलीगढ़: हिक्स थर्मामीटर फैक्टरी पर आयकर विभाग का बड़ा छापा, दिल्ली की टीम खंगाल रही दस्तावेज

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आयकर विभाग (Income Tax Department) की एक विशेष टीम ने शहर की मशहूर हिक्स थर्मामीटर (Hicks Thermometer) फैक्टरी पर अचानक धावा बोल दिया। दिल्ली से आई 10 सदस्यीय टीम आईटीआई रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में इस समय गहन जांच कर रही है।

गोपनीय तरीके से हुई कार्रवाई

यह फैक्टरी उद्यमी हरि प्रकाश गुप्ता के पुत्र सिद्धार्थ गुप्ता की है। जानकारी के अनुसार, 6 जनवरी की सुबह करीब 11:00 बजे आयकर विभाग की टीम अचानक फैक्टरी परिसर पहुंची। छापेमारी इतनी गोपनीय रखी गई थी कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन को भी इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई। टीम के आते ही सुरक्षा कारणों से फैक्टरी के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए।

फैक्टरी के भीतर स्टाफ और कर्मचारी ‘लॉक’

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। छापेमारी शुरू होते ही टीम ने अंदर मौजूद मालिक, प्रबंधन और सभी कर्मचारियों को परिसर के भीतर ही रोक लिया है। फिलहाल किसी भी बाहरी व्यक्ति के अंदर जाने पर पाबंदी है। स्टाफ को बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सभी के मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस टीम की निगरानी में हैं।

जांच के मुख्य बिंदु

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली की टीम मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर जांच कर रही है।

वित्तीय दस्तावेज: कंपनी के पिछले कुछ वर्षों के खातों (Accounts) का मिलान।

स्टॉक रजिस्टर: फैक्टरी में मौजूद कच्चे माल और तैयार माल के स्टॉक की असल स्थिति।

टैक्स चोरी की आशंका: आय और खर्च के बीच बड़े अंतर के इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

व्यापार जगत में हलचल

अभी तक आयकर विभाग की ओर से किसी बड़ी रिकवरी या छापेमारी के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अलीगढ़ के व्यापारिक जगत में इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आयकर विभाग की टीम अभी भी फैक्टरी के भीतर मौजूद है और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई देर रात तक या कल तक जारी रह सकती है।

Also Read: राम रहीम की पैरोल के बीच अबू सलेम ने भी खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा, मांगी ‘इमरजेंसी पैरोल’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.