Aligarh News: बाइक से जा रहे दरोगा को लोडर ने मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ हादसा
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दरोगा की जान चली गई। थाना टप्पल क्षेत्र के अलीगढ़-पलवल मार्ग पर तेज रफ्तार टाटा लोडर ने बाइक सवार दरोगा राहुल चौधरी (33) को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दरोगा को तुरंत जेवर, गौतमबुद्धनगर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
हादसे का पूरा दृश्य पास के एक होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में दिखा कि दरोगा राहुल चौधरी अपनी बुलेट बाइक से होटल की ओर खाना खाने जा रहे थे। हाइवे पर यू-टर्न लेते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी और बाइक समेत कई मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
दरोगा राहुल चौधरी मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले थे। कुछ दिन पहले ही उनका तबादला थाना टप्पल से थाना बन्नादेवी में हुआ था। हादसे के समय वह ड्यूटी के दौरान भोजन करने निकले थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दरोगा को अस्पताल ले जाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अलीगढ़ समेत कई अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ खैर वरुण कुमार ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
राहुल चौधरी के निधन की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। शव को अलीगढ़ लाया गया है, जहां शासकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। इसके बाद अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मुजफ्फरनगर में किया जाएगा।
Also Read: लखनऊ में लगा ‘आई लव BSP’ पोस्टर, मायावती की महारैली से पहले कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन शुरू

