Aligarh News: कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम में नाराज हुए कलराज मिश्र, बोले– मैं समाप्त करने जा रहा हूं

Aligarh News: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि को मंगलवार को उनके गृह ज़िले अलीगढ़ में हिंदू गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। बड़े स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती समेत कई दिग्गज शामिल हुए।

कलराज मिश्र क्यों हुए नाराज़?

कार्यक्रम के दौरान जैसे ही पूर्व गवर्नर कलराज मिश्र भाषण देने मंच पर पहुंचे, उसी वक्त मंच संचालक आत्म प्रकाश मिश्र ने उनके सामने एक सफेद पर्ची रख दी। पर्ची पर भाषण को संक्षेप में रखने की अपील लिखी थी। इसे देखते ही कलराज मिश्र भड़क उठे। उन्होंने माइक पर ही कह दिया—”मैं अभी समाप्त करने जा रहा हूं। अगर आपने मुझे बुलाया है तो मुझे रोकने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? कल्याण सिंह से मेरे जो संबंध रहे हैं, उन्हें मैं यहां व्यक्त करूंगा। मुझे रोकने की कोशिश मत करो। “इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन को जारी रखा और कल्याण सिंह से जुड़े निजी रिश्तों और यादों को साझा किया।

नेताओं ने क्या कहा?

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि हमें बाबूजी (कल्याण सिंह) के दिखाए रास्ते पर राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ के साथ आगे बढ़ना है।
  • डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि बाबूजी ने सनातन धर्म की पताका को सबसे ऊंचा फहराया और राम मंदिर के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी तक छोड़ दी थी।
  • डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले कि बाबूजी को भारत रत्न मिलना चाहिए और अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ होना चाहिए।
  • पूर्व सीएम उमा भारती ने कहा कि अखिलेश यादव ने कहा था “नाम में क्या रखा है”, ये उनकी गुलामी वाली मानसिकता को दर्शाता है। नाम की महिमा वही समझ सकता है, जिसकी सोच राष्ट्रीयता से जुड़ी हो।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बाबूजी की यादों को साझा किया। पूरा माहौल भावनात्मक रहा और कल्याण सिंह के योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

Also Read: यूपी में फर्जी आधार कार्ड के बड़ा रैकेट का खुलासा, एटीएस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.