Aligarh News: रिश्ते हुए शर्मसार, 16 साल छोटे भांजे संग मामी फरार
Aligarh News: अलीगढ़ का सास-दामाद केस अभी लोगों की यादों से धुंधला भी नहीं पड़ा था कि एक बार फिर रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आ गई है। यहां पाली मुकीमपुर क्षेत्र के गांव बीसनपुर में तीन बच्चों की मां अपने ही सगे भांजे के साथ फरार हो गई। मामला तब और पेचीदा हो गया जब पता चला कि अगले महीने घर में बेटे की शादी तय थी और महिला उसी शादी के लिए रखे गहने और नगदी लेकर प्रेमी भांजे संग भाग निकली।
बेटे की शादी से पहले मचा कोहराम
पीड़ित पति के अनुसार उनके बड़े बेटे की शादी 6 मार्च 2026 को तय है। घर में खुशियों का माहौल था और तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। लेकिन 25 जनवरी को पत्नी मायके जाने की बात कहकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। बाद में जानकारी मिली कि वह अपने से 16 साल छोटे भांजे विक्रम के साथ फरार हो गई है। पति का आरोप है कि विक्रम ने उनकी पत्नी को प्रेम जाल में फंसाया और लूट की नीयत से अपने साथ ले गया।
लाखों के गहने और नकद ले गई महिला
परिवार के मुताबिक महिला घर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के भारी आभूषण भी अपने साथ ले गई। इनमें मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठी और पायजेब शामिल हैं। ये सभी गहने बेटे की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर जमा किए गए थे। अब गहनों और नगदी के बिना शादी की तैयारियां ठप पड़ गई हैं और बेटे की शादी टूटने की कगार पर पहुंच गई है।

SSP ऑफिस पहुंचा बेबस पति
मामले में पुलिस ने पति की तहरीर पर भांजे विक्रम समेत नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना को करीब एक महीना बीत जाने के बाद भी महिला बरामद नहीं हो सकी है। हारकर पीड़ित पति अलीगढ़ के एसएसपी नीरज जादौन के पास पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई। पति ने भावुक होकर कहा कि पत्नी को बरामद करा दिया जाए, वरना बेटे की शादी रुक जाएगी और पूरा परिवार समाज में शर्मिंदा हो रहा है।
प्रेम प्रसंग और साजिश के एंगल से जांच
बताया जा रहा है कि आरोपी भांजा विक्रम अपनी मामी से उम्र में करीब 16 साल छोटा है। पुलिस इस पूरे मामले को प्रेम प्रसंग और साजिश दोनों एंगल से जांच रही है। नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका है। परिवार की उम्मीदें अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Also Read: UP पुलिस पर भरोसा नहीं, गैर भाजपा शासित राज्य की पुलिस करे मामले की जांच: Avimukteshwarananda

