Aligarh News: तीन दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, बिजली-पानी को तरस रहे ग्रामीण
Aligarh News: जवां सिकंदरपुर नगर पंचायत के ग्राम रामपुर, वार्ड नंबर 11 के लोग पिछले तीन दिनों से अंधेरे और पानी की किल्लत झेल रहे हैं। गांव का ट्रांसफार्मर पूरी तरह फुंक चुका है और अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। नतीजतन, ग्रामीणों को बिजली और पानी दोनों से वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह ट्रांसफार्मर कई महीनों से खराब हालत में था, जिसे बार-बार मरम्मत कर किसी तरह चलाया जा रहा था। लेकिन तीन दिन पहले यह पूरी तरह जल गया और उसमें से धुआं निकलने लगा। तब से गांव की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप है।
अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सुमेरा बिजली घर के जेई ललित कुशवाहा उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते। न तो फोन उठाते हैं और न ही अक्सर दफ्तर में मौजूद रहते हैं। जब लोग अपनी समस्या लेकर बिजली घर पहुंचे, तो सुबह 11 बजे तक भी जेई मौके पर नहीं मिले।
हालाँकि, मामला एसडीओ तक पहुँचने पर उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया और नए ट्रांसफार्मर के लिए पीआर नंबर जनरेट कर संबंधित वर्कशॉप जेई को निर्देश दिए। ग्रामीणों ने एसडीओ की सराहना करते हुए कहा कि वे हर शिकायत का जवाब देते हैं और मदद भी करते हैं।
विरोध की चेतावनी
लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि 24 घंटे बीतने के बावजूद नया ट्रांसफार्मर अब तक नहीं पहुँचा। मजबूर होकर महिलाएं, पुरुष और बुज़ुर्ग बारिश के बीच शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।
बिजली न होने से गांव में मच्छरों की भरमार और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कई लोग बीमार पड़ रहे हैं, बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे और रात में लोग ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की अपील की है।
Also Read: Ayodhya News: जनसुनवाई और शिविरों में हुआ शिकायतों का निस्तारण, महापौर ने दिए सख्त निर्देश

