ऑपरेशन सिंदूर पर सर्वदलीय बैठक सम्पन्न, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बोले- ऑपरेशन अभी जारी है

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) में आतंकी ठिकानों पर किए गए सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर गुरुवार को केंद्र सरकार ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस अहम बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की और इसमें सरकार व विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

बैठक में रक्षा मंत्री ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है और यह अब भी जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बॉर्डर पर हालात तेजी से बदल रहे हैं, इसलिए फिलहाल अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

सूत्रों के मुताबिक, राजनाथ सिंह ने बताया कि अब तक इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके भी शामिल हैं। यह कार्रवाई 26 नागरिकों की निर्मम हत्या के दो सप्ताह बाद की गई, जो पहलगाम हमले में मारे गए थे।

बैठक में ये नेता रहे शामिल

बैठक में शामिल प्रमुख नेताओं में कांग्रेस के राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे,टीएमसी के सुदीप बंद्योपाध्याय, डीएमके के टी.आर. बालू, आप के संजय सिंह,शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले, बीजद के सस्मित पात्रा, माकपा के जॉन ब्रिटास, जदयू के संजय झा,लोजपा (रामविलास) के चिराग पासवान, और एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी शामिल रहे।

गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जैसे वरिष्ठ मंत्री भी बैठक में मौजूद थे।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस अहम बैठक में अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने मीडिया में सामने आई राफेल विमान की भूमिका से जुड़ी खबरों पर सरकार की ओर से कोई स्पष्टीकरण न दिए जाने पर भी सवाल खड़े किए।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार सभी राजनीतिक दलों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रगति और उद्देश्य के बारे में जानकारी देना चाहती है, ताकि देश की सुरक्षा के इस अहम मोर्चे पर सभी दल एकजुट रहें। गौरतलब है कि इससे पहले 24 अप्रैल को भी सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी।

Also Read: UP Weather Update: मौसम का उतार-चढ़ाव जारी, 20 जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.