अल्मोड़ा में भिकियासैंण के पास खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 7 लोगों की मौत की आशंका

Sandesh Wahak Digital Desk: देवभूमि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सबको दहला दिया। भिकियासैंण विनायक जालली मोटर मार्ग पर शिलापनी के पास एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 6 से 7 यात्रियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, यह बस सुबह करीब 6 बजे द्वाराहाट से रामनगर के लिए निकली थी। शिलापनी के पास अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से उतरकर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। घटनास्थल जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर है, जिससे राहत कार्यों में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुँच गईं। उबड़-खाबड़ रास्ता होने के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जा रही है। अल्मोड़ा के SSP देवेंद्र पिंचा ने पुष्टि की है कि बचाव टीमें मौके पर काम कर रही हैं और कुछ हताहतों की सूचना है। आपदा अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि घायलों को तुरंत भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर लिखा, जनपद अल्मोड़ा में बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। प्रशासन को घायलों के त्वरित और बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं। मैं स्थानीय अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हूँ।

Also Read: Ghaziabad News: एनकाउंटर में शिवम हत्याकांड के दो इनामी शूटरों के पैर में लगी गोली, दोनों गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.