Lucknow News: आलोक नाथ और श्रेयस तलपड़े पर धोखाधड़ी का आरोप, लखनऊ में FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता आलोक नाथ और श्रेयस तलपड़े सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया गया है। लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में दर्ज इस मामले में त्रिवेणीनगर, शिवलोक निवासी अनीस अहमद ने शिकायत दर्ज कराई है।

क्या है पूरा मामला?

अनीस अहमद के अनुसार, करीब आठ वर्ष पहले उनकी मुलाकात बाराबंकी के जमूहरिया निवासी डॉ. उत्तम सिंह राजपूत से हुई थी। उत्तम सिंह ने खुद को “द लोन अर्बन सोसाइटी” की गोमती नगर विस्तार शाखा से जुड़ा बताया और निवेश करने पर छह वर्षों में राशि को दोगुना करने का दावा किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह कोऑपरेटिव सोसाइटी भारत सरकार से मान्यता प्राप्त और केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय में रजिस्टर्ड है।

करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप

अनीस ने शुरुआत में छोटे-छोटे टुकड़ों में 10 लाख रुपये का निवेश किया और उसके बदले उन्हें बॉन्ड और पासबुक दी गई। धीरे-धीरे, अनीस के माध्यम से लखनऊ, सीतापुर, जौनपुर और उन्नाव के 44 लोगों ने करीब 9.02 करोड़ रुपये इस स्कीम में निवेश कर दिए।

हालांकि, जब निवेश की गई राशि पर रिटर्न मिलने का समय आया तो कंपनी के अधिकारी टालमटोल करने लगे और आखिरकार जून 2024 में गोमती नगर विस्तार स्थित दफ्तर पर ताला लगाकर फरार हो गए।

अभिनेताओं ने किया था स्कीम का प्रचार

शिकायतकर्ता के अनुसार, इस चिटफंड स्कीम का प्रचार करने के लिए फिल्म अभिनेता आलोक नाथ और श्रेयस तलपड़े को जोड़ा गया था। उनकी विश्वसनीय छवि के चलते निवेशकों ने कंपनी पर भरोसा कर लिया और अपनी गाढ़ी कमाई इस योजना में लगा दी।

इन लोगों पर दर्ज हुई FIR

शिकायत के आधार पर डॉ. उत्तम सिंह, संजीव वर्मा, समीर अग्रवाल, शबाब हुसैन, आरके शेट्टी, श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) और गबन (Embezzlement) की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गोमती नगर विस्तार थाने के इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: Sitapur News: जेल में बंद सांसद राकेश राठौर से मिलेंगे अजय राय, इस दिन होगी मुलाकात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.