अम्बेडकरनगर: पुलिस मुठभेड़ में 10 हजार का इनामी बदमाश घायल, साथी समेत 2 गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद अम्बेडकरनगर में बुधवार देर रात पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली, जब मुठभेड़ के दौरान ₹10,000 के इनामी गोतस्कर शमशेर अली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से गोतस्कर घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) श्याम देव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम झारखंडी बाबा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। वहाँ मौजूद अभियुक्त पुलिस को देखकर भागने लगे।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी का विवरण
खुद को घिरता देख अभियुक्तों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इनामी गोतस्कर शमशेर अली (पुत्र जान मोहम्मद उर्फ सन्नू, निवासी मझगवां, सुल्तानपुर) गोली लगने से घायल हो गया। मौके से शमशेर के साथी हर्षित चौबे (पुत्र शिवप्रताप, निवासी कैमासपुर, सुल्तानपुर) को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
एसओ मालीपुर स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि मौके से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल अपराधी शमशेर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति सामान्य है।
लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार गोतस्कर शमशेर लंबे समय से गोतस्करी समेत अन्य गंभीर अपराधों में वांछित चल रहा था और उस पर ₹10,000 का इनाम घोषित था। शमशेर का थाना मालीपुर और पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के थाना अखंड नगर में लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध गोवध, पशु क्रूरता अधिनियम, लोक संपत्ति निवारण अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा है।
Also Read: लखनऊ में ‘जनजाति भागीदारी उत्सव’ का शुभारंभ, 22 राज्यों के कलाकार हुए शामिल

