Ambedkarnagar News: सिर्फ नाम का है राजकीय पार्क, सुविधाओं की कमी से मायूस होते हैं लोग
Sandesh Wahak Digital Desk: अम्बेडकर नगर मुख्यालय में बना राजकीय उद्यान पार्क कहने को तो पार्क है, लेकिन यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं है। बोटिंग, ओपन जिम और नए झूलों की मांग लोग सालों से कर रहे हैं, पर अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। साफ-सफाई की हालत भी खराब है, जिससे यहां आने वाले लोगों को निराशा ही मिलती है।

बोटिंग बंद, झूले पुराने और गंदगी का अंबार
जिला बनने के तीन दशक बाद भी इस पार्क की हालत नहीं सुधरी है। लगभग दस साल पहले यहां बोटिंग की सुविधा थी, लेकिन रखरखाव के अभाव में बोट खराब हो गईं और तालाब सूख गया। अब बच्चों को सिर्फ मायूसी हाथ लगती है। पार्क में लगे ज्यादातर झूले भी पुराने और जर्जर हो चुके हैं, जिससे लोग इनका इस्तेमाल करने से डरते हैं।
सफाई व्यवस्था भी बेहाल है। जगह-जगह गंदगी फैली रहती है, जिसकी वजह से लोग सुकून से दो पल नहीं बिता पाते। पीने के पानी और ठीक से काम न करने वाले शौचालयों की कमी से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बुजुर्गों को होती है।

लोगों की मांग, पार्क को बनाया जाए बेहतर
पार्क में आने वाले लोगों का कहना है कि अगर यहां सुविधाएं बेहतर हो जाएं, तो यह भागदौड़ भरी जिंदगी में राहत की जगह बन सकता है। शहर के लोग तनाव दूर करने के लिए यहां आना पसंद करते हैं, लेकिन अव्यवस्था देखकर निराश हो जाते हैं। कुछ लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, क्योंकि कभी-कभी यहां अराजकतत्व भी पहुंच जाते हैं।
जिला उद्यान अधिकारी धर्मेंद्र चंद्र चौधरी ने कहा कि नए झूले लगाने, बोटिंग शुरू करने और अन्य सुविधाएं बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाकी व्यवस्थाओं के लिए भी संबंधित विभागों से बात की गई है।
Also Read: Shravasti News: IGRS की समीक्षा बैठक में हड़कंप, DM ने 3 गैरहाजिर अधिकारियों का वेतन काटा

