Kushinagar: एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर, पांच घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यह हादसा कसया ओवरब्रिज पर हुआ, जहां एंबुलेंस और बालू-छड़ से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

जानकारी के मुताबिक, एक एंबुलेंस हरियाणा से शव लेकर वापस लौट रही थी। जैसे ही वह कसया ओवरब्रिज पर पहुंची, सामने से आ रही एक बालू और छड़ लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया।

ट्रैक्टर पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, वहीं एंबुलेंस में मौजूद तीन लोग मामूली रूप से चोटिल हुए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रैक्टर से सड़क पर बालू और छड़ बिखर गई, जिससे कुछ देर के लिए जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को रेस्क्यू किया गया और ट्रैफिक को जल्द सामान्य किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गलती किसकी थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: पश्चिम बंगाल: कोलकाता लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार, सियासी हलचल तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.