ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका का बड़ा हमला, ट्रंप बोले- अब शांति का वक्त है

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका ने शनिवार देर रात ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों फ़ोर्दो, नतांज़ और इस्फ़हान पर हवाई हमले किए। इस हमले की पुष्टि खुद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है। ट्रंप का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह सफल रही और अब शांति स्थापित करने का समय है।

ट्रंप बोले– हमारे हमले सफल रहे, अब शांति चाहिए

हमलों के तुरंत बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, हमने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है। हमारे विमान सुरक्षित लौट चुके हैं। अब शांति का समय है। राष्ट्र के नाम संबोधन में ट्रंप ने कहा, ये वे ठिकाने हैं जिनका नाम दुनिया पिछले कई वर्षों से सुनती आ रही है। आज हम यह गर्व से कह सकते हैं कि हमले पूरी तरह सफल रहे हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान शांति के रास्ते पर नहीं आया, तो अगली बार हमले और भी बड़े और आसान होंगे।

इजराइल ने की अमेरिकी कार्रवाई की सराहना

इजराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के हमले की तारीफ करते हुए कहा, शक्ति से ही शांति आती है। अमेरिका ने आज जो किया, वह शक्ति का स्पष्ट प्रदर्शन है। इजराइल ने हमले के दौरान अमेरिका के साथ पूरी समन्वय में काम किया।

कैसे हुआ हमला

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिका ने इस हमले में B-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया। ये विमान गुआम स्थित सैन्य अड्डे से उड़ान भरकर मध्य-पूर्व में पहुंचे थे। इन विमानों ने अत्याधुनिक तकनीक से ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी (AEOI) ने इस हमले को बर्बर करार देते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया। एजेंसी ने कहा कि IAEA (अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी) की निष्क्रियता ने अमेरिका को यह कदम उठाने की हिम्मत दी। ईरान के सरकारी टीवी के वरिष्ठ निदेशक हसन अबेदिनी ने दावा किया कि हमले से पहले ही ठिकानों को खाली करा लिया गया था। उन्होंने कहा, अगर ट्रंप का दावा सही भी हो, तो भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Also Read: सरकारी स्कूलों के विलय के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, 22 से 30 जून तक निकाली जाएगी ‘स्कूल बचाओ पदयात्रा’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.