अमेरिका का अब तक का सबसे लंबा शटडाउन खत्म, सरकारी कामकाज बहाल
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका में चल रहा इतिहास का सबसे लंबा सरकारी शटडाउन आखिरकार समाप्त हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उस सीनेट समर्थित विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिए, जिसे सदन ने शटडाउन खत्म करने के लिए मंजूरी दी थी। इस बिल के कानून बनने के बाद अब सभी सरकारी कामकाज फिर से शुरू हो जाएंगे।
शटडाउन को समाप्त करने वाले विधेयक के पक्ष में लगभग सभी रिपब्लिकन और कुछ डेमोक्रेट्स ने मतदान किया। वोटिंग का आंकड़ा 222-209 रहा, जिसके बाद बिल को राष्ट्रपति ट्रम्प के पास हस्ताक्षर के लिए भेजा गया। ट्रम्प ने बिल पर हस्ताक्षर करते हुए कहा, मैं हमेशा किसी के भी साथ काम करने को तैयार हूं, दूसरे पक्ष के साथ भी। हम स्वास्थ्य सेवा से जुड़े किसी न किसी विषय पर काम करेंगे और हम ओबामाकेयर के इस पागलपन को भूल जाएंगे। उन्होंने इस विधेयक पर हस्ताक्षर करने और देश को फिर से काम करने लायक बनाने को सम्मान की बात बताया।
हवाई सेवाओं पर पड़ा भारी असर
शटडाउन के दौरान हवाई सेवाओं पर इसका काफी गंभीर असर देखने को मिला। हालांकि शटडाउन खत्म हो गया है, लेकिन सेवाओं को पूरी तरह से सामान्य होने में अभी भी थोड़ा समय लग सकता है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार, आज भी अमेरिका में 900 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं। सदन के अध्यक्ष माइक जॉनसन ने मतदान से पहले इसे गलत और क्रूर प्रक्रिया बताया, जिससे अनावश्यक तकलीफ हुई।

गरीबों के लिए SNAP फंडिंग पूरी
यह फेडरल फंडिंग बिल 30 जनवरी तक अधिकांश सरकारी एजेंसियों को वित्तीय सहायता देगा। इस बिल का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इससे सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम (SNAP) के लिए शेष वित्तीय वर्ष के लिए पूरी फंडिंग की जाएगी। SNAP अमेरिका में निम्न आय वर्ग के लगभग 42 मिलियन लोगों को भोजन खरीदने में मदद करता है, यानी करीब आठ में से एक अमेरिकी इस कार्यक्रम से जुड़ा है। इस फंडिंग से मुफ्त और कम कीमत वाले स्कूल भोजन सहित चाइल्ड न्यूट्रिशन प्रोग्राम को भी पूरी तरह से फंड किया जाएगा।
Also Read: दिल्ली ब्लास्ट केस: कार चलाने वाले आतंकी की हुई पहचान, उमर-उन-नबी ने ही उड़ाया था खुद को

