G7 देशों से अमेरिका की अपील, रूस से तेल खरीदने वालों पर टैरिफ लगाएं
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका ने जी-7 देशों से अपील की है कि वे रूस के खिलाफ और कड़े कदम उठाएं। अमेरिका ने यह भी सुझाव दिया है कि जो देश अब भी रूस से तेल खरीद रहे हैं, उन पर सख्त टैरिफ (आयात शुल्क) लगाया जाए।
अमेरिकी राजदूत जेमिसन ग्रीर और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट ने शुक्रवार को जी-7 देशों के वित्त मंत्रियों के साथ एक बैठक में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मांग को दोहराया। उनका कहना है कि रूस अपनी ऊर्जा से होने वाली कमाई का इस्तेमाल यूक्रेन के साथ युद्ध को जारी रखने के लिए कर रहा है।
कॉल के बाद ग्रीर और बेसेन्ट ने एक बयान जारी कर कहा, हमारा मानना है कि अगर हम सब मिलकर काम करें तो ही पुतिन की युद्ध मशीन को चलाने वाले राजस्व को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने पहले ही रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर कड़ा शुल्क लगाना शुरू कर दिया है। यह कदम ट्रंप की उस रणनीति का हिस्सा है जिसके जरिए रूस को बातचीत की मेज पर लाने का दबाव बनाया जा सके। अमेरिका ने कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और यूनाइटेड किंगडम जैसे जी-7 के अन्य देशों से भी इसी तरह के कदम उठाने की अपील की है।
यूक्रेन को रूसी संपत्ति देने पर भी चर्चा
ग्रीर और बेसेन्ट ने इस बात पर खुशी जताई कि जी-7 देश रूस पर लगे मौजूदा प्रतिबंधों को और कड़ा करने और रूस की जब्त की गई संपत्ति को यूक्रेन की रक्षा में इस्तेमाल करने पर विचार कर रहे हैं। यह अपील ऐसे समय में की गई है जब जी-7 देशों में इस बात पर भी चर्चा चल रही है कि प्रतिबंधों को कितना सख्त किया जाए ताकि दुनिया में, खासकर विकासशील देशों में ऊर्जा संकट न पैदा हो।

