Amethi News: मुसाफिरखाना में 54वें दिन भी अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, SDM अभिनव कनौजिया का फूंका पुतला
Sandesh Wahak Digital Desk: एसडीएम प्रशासनिक की कार्यशैली से नाराज अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन लगातार 54वें दिन भी जारी रहा।
शनिवार को मुसाफिरखाना बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एसडीएम प्रशासनिक अभिनव कनौजिया का पुतला फूंका और उनके स्थानांतरण व आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग दोहराई।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला और महासचिव राजीव कुमार तिवारी की अगुआई में हुए प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर भ्रष्टाचार, मनमानी कार्यशैली, अधिकार क्षेत्र से बाहर आदेश पारित करने और गांव की जमीनों पर अवैध कब्जा कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
अध्यक्ष ने बताया कि इन आरोपों से संबंधित शिकायत जिलाधिकारी को एक माह से अधिक पहले दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई जांच शुरू नहीं हुई।
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। विरोध के चलते शनिवार को भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे, जिससे अदालतों का कामकाज प्रभावित रहा।

इस अवसर पर बार के पूर्व अध्यक्ष विंदेश्वरी प्रसाद मिश्रा सहित के.के. सिंह, के.के. शुक्ला, प्रमोद श्रीवास्तव, गणेश प्रसाद शुक्ला, राजन सिंह, सतीश सिंह, संजय शुक्ला, अंजनी कुमार मिश्रा, सुनील श्रीवास्तव, बृजेश शुक्ला, नवनीत चौबे, ललित चौबे, अरुण कौशल, एस.पी. यादव, विनय श्रीवास्तव, आलोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।

