Amethi News: यूपी दिवस पर आयोजित हुआ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, साहित्य और समाज पर गूंजे स्वर
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर संग्रामपुर विकासखंड के मौहरिया बनवीरपुर (अमेठी) में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन कवि एवं पत्रकार सुधीर रंजन द्विवेदी ने किया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ ग्राम प्रधान संघ संग्रामपुर के अध्यक्ष संजय सिंह मुन्ना ने किया।
वरिष्ठ कवि पं. रामबदन शुक्ल ‘पथिक’ की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कवि सम्मेलन का सारगर्भित संचालन युवा कवि अंकित तिवारी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतापगढ़ से आए कवि शीतला सुजान की वाणी वंदना से हुई।
कवि सम्मेलन में परवाना प्रतापगढ़ी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम को समर्पित छंदों का पाठ किया। उनकी चर्चित काव्य कृति राम रसायन की प्रस्तुति पर पंडाल “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा। कवि सुरेश शुक्ल ‘नवीन’ की रचना—
“दर्द हमको मिला वो संवरते रहे,
बनके खुशबू जहां में बिखरते रहे…” को श्रोताओं ने खूब सराहा।
हरिवंश शुक्ल ‘शौर्य’ ने भारत माता की शक्ति और चेतना को शब्दों में पिरोया, वहीं शीतला सुजान, रामेश्वर सिंह ‘निराश’, चंद्र प्रकाश पांडेय ‘मंजुल’, अनूप त्रिपाठी, अंकित त्रिपाठी, सुधीर रंजन, जगदंबा तिवारी ‘मधुर’ सहित अन्य कवियों ने सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक विषयों पर तीखे और व्यंग्यात्मक काव्य पाठ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
कवि सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य अनुपम पांडेय ने कहा कि साहित्यकार समाज की हर घटना की समीक्षा करता है और जनमानस की आवाज को सशक्त रूप से सामने लाता है।
वहीं, भौसिंहपुर के ग्राम प्रधान अशोक कुमार उपाध्याय ‘रज्जू’ ने कहा कि साहित्य का गांव तक पहुंचना सामाजिक चेतना के लिए शुभ संकेत है।
कार्यक्रम में रमाकांत तिवारी, धीरेन्द्र मिश्र, हनुमान प्रसाद तिवारी, गिरीश तिवारी, चंदन दूबे, चंचल तिवारी, अंकित सिंह, डंपी सिंह, लवलेश दूबे, राम कृपाल यादव, जगदीश वर्मा, सूर्य नारायण सिंह सहित सैकड़ों साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।
यूपी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कवि सम्मेलन ने साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को एक साझा मंच प्रदान किया।
Get real time updates directly on you device, subscribe now.