अमेठी: एंटी-करप्शन टीम ने दरोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार, थाने में मचा हड़कंप
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिले में भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई। एंटी-करप्शन टीम ने इन्हौना थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) राजेश पाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब दरोगा जी एक सड़क हादसे की जांच (विवेचना) को आगे बढ़ाने के बदले पीड़ित से रुपयों की डिमांड कर रहे थे।
ढाबे पर बिछाया गया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, एक पीड़ित शख्स ने एंटी-करप्शन टीम से शिकायत की थी कि इन्हौना थाने के दरोगा राजेश पाल मामले की सही जांच करने और फाइल को आगे बढ़ाने के नाम पर पैसों का दबाव बना रहे हैं। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत योजना बनाई और जाल बिछाया। जैसे ही दरोगा राजेश पाल ने एक ढाबे पर पीड़ित से रिश्वत की रकम पकड़ी, पहले से घात लगाकर बैठी टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
जामो थाने में हुई पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद एंटी-करप्शन की टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को लेकर जामो थाने पहुंची, जहां उनसे गहन पूछताछ की गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस अधिकारी इस मामले में अभी काफी संभलकर बयान दे रहे हैं। थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने केवल इतना बताया कि दरोगा को हिरासत में लिया गया है और आधिकारिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विभाग में मची खलबली
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग के भीतर खलबली मच गई है। हालांकि एंटी-करप्शन टीम की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतज़ार है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर खाकी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

