Amethi News: SDM अभिनव कनौजिया के ट्रांसफर पर अड़े वकील, मुसाफिरखाना तहसील में लगातार प्रदर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: उप जिलाधिकारी (प्रशासनिक) अभिनव कनौजिया के स्थानांतरण की मांग को लेकर मुसाफिरखाना (अमेठी) बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा।

वकीलों ने तहसील परिसर और मुख्य गेट तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और एसडीएम प्रशासनिक को हटाए जाने की मांग दोहराई।

अधिवक्ता संघ अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला और महासचिव राजीव कुमार तिवारी के नेतृत्व में वकीलों ने हाथों में तख्तियां लेकर एसडीएम प्रशासनिक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

प्रदर्शनकारियों ने अभिनव कनौजिया के स्थानांतरण के साथ-साथ आय से अधिक संपत्ति की जांच कर कार्रवाई की मांग भी की। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता संघ भवन में बैठक कर आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 30 दिसंबर से लगातार एसडीएम प्रशासनिक को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। वकीलों की हड़ताल और न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे वादकारियों को बिना सुनवाई के लौटना पड़ रहा है।

अधिवक्ता संघ अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जब तक एसडीएम प्रशासनिक अभिनव कनौजिया का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल, विरोध प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जल्द ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।

प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ताओं और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट- राम धीरज यादव

Also Read: GST Scam: UP STF ने सहारनपुर से दबोचे 3 आरोपी, फर्जी फर्मों से लगाई करोड़ों की चपत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.