Amethi News: प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा का दौरा, जनसमस्याओं की समीक्षा और जल जीवन मिशन के कार्यों का लिया जायजा
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी के प्रभारी मंत्री सतीश शर्मा ने बृहस्पतिवार को विकासखंड सिंहपुर के पेडरा गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बने पानी की टंकी का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय एक बुजुर्ग ग्रामीण ने राशन कार्ड न बनने की शिकायत रखी। शिकायत पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तहसील तिलोई के रसद विभाग प्रभारी संजय को फटकार लगाई और निर्देश दिया कि पीड़ित का राशन कार्ड उसी दिन शाम तक बनवाया जाए।
इससे पहले प्रभारी मंत्री ने सिंहपुर स्थित मां अहोरवा भवानी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह चौहान (जिलाधिकारी, अमेठी), सुधांशु शुक्ला (भाजपा जिला अध्यक्ष), भवानी दत्त दीक्षित (भाजपा उपाध्यक्ष), राकेश त्रिपाठी (भाजपा महामंत्री), मंडल अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान श्री सुमन मौर्य, नीरज शुक्ला, जागेश्वर चौरसिया, राहुल पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

