अमेठी में घर में घुसकर 15 साल की नाबालिग से दरिंदगी, चीख सुन पहुंची मां पर आरोपी ने ताना कट्टा

Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में 15 साल की नाबालिग लड़की के साथ घर में घुसकर रेप का मामला सामने आया है। घटना 3 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोप है कि अमन गुप्ता उर्फ मनोज कुमार गुप्ता रात में घर में घुसा और कमरे में मौजूद 15 वर्षीय किशोरी के साथ जबरन रेप किया।

इसी दौरान किशोरी की चीख सुनकर उसकी मां कमरे की तरफ दौड़ीं। मां ने दरवाजा खोला तो आरोपी हाथ में कट्टा लिए सामने खड़ा था। आरोप है कि उसने घटना के बारे में किसी को बताने पर मां और बेटी दोनों को जान से मारने की धमकी दी।

कपड़ों पर खून के निशान मिलने का दावा

पीड़िता की मां के मुताबिक, कमरे में उनकी बेटी पड़ी थी और उसके कपड़ों पर खून के निशान थे। वह आरोपी को रोकने या शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाने की कोशिश करतीं, इससे पहले आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और मौके से भाग गया।

परिजनों का कहना है कि आरोपी के भागने के बाद उसका मोबाइल फोन घर में ही मिला। इसके बाद पीड़िता की मां और परिवार के अन्य लोग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

तहरीर में मां ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने कहा, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

थाना प्रभारी राम राज कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।

थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read; मंदिर के कमरे में ले जाकर नाबालिग से रेप, आरोपी सफाई कर्मचारी मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.