Amethi News: देवर ने भाभी और भतीजे की धारदार हथियार से की निर्मम हत्या, जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
Amethi News: अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को हुई डबल मर्डर की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रुदौली गांव में खेत की निराई कर रही महिला और उसके बेटे की सगे देवर ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मां-बेटे की मौत से गांव में दहशत का माहौल है।
खेत में काम कर रही थीं मां-बेटा
गांव रुदौली निवासी रामा देवी (50) पत्नी स्व. उदयराज अपने बेटे आकाश सरोज (19) के साथ गांव से दूर स्थित धान के खेत की निराई कर रही थीं। इसी दौरान उनका सगा देवर रामराज उर्फ राजू अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचा और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां-बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पर एसपी, सीओ और कोतवाली प्रभारी विवेक सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जमीनी विवाद बना वजह
मृतका के भाई जगराम सरोज निवासी गुन्नौर की तहरीर पर पुलिस ने रामराज सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पुराना जमीनी विवाद सामने आया है, हालांकि जांच हर बिंदु पर की जा रही है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की निर्मम हत्या से गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद काफी समय से चला आ रहा था, लेकिन इतनी बड़ी वारदात होगी, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।
Also Read: इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत, दंगों से जुड़े 8 मामलों में मिली जमानत

