Amethi News: संत रविदास जयंती पर सामाजिक सौहार्द और समतामूलक समाज का आह्वान

Sandesh Wahak Digital Desk: शुकुल बाजार (अमेठी) कस्बा स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर रविवार को संत शिरोमणि संत रविदास जयंती समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगजीवन प्रसाद ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और समाज को समानता, भाईचारे व मानवता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने लोगों से संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात कर उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की।

संत रविदास जयंती समारोह का आयोजन रामकुमार भारती के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संत शिरोमणि संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।

इसके साथ ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। वक्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन, उनके सामाजिक संदेशों और समतामूलक समाज की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

आयोजक रामकुमार भारती ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और उपस्थित संभ्रांत नागरिकों का अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सौहार्द, समानता और शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर जगजीवन प्रसाद, रामकुमार भारती, अभिषेक शुक्ला, पूर्व प्रधान त्रिभवन यादव, पंकज त्रिपाठी, संतराम मौर्या, पचई, मिश्रीलाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट- राम धीरज यादव

Also Read: अखिलेश यादव का बजट पर तीखा तंज, बोले- अब तो लोहे पर पीतल चढ़ाकर जेवर पहनने पड़ेंगे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.