Amethi News: कांग्रेस नेता के कॉलेज में नकली खाद-दवा की फैक्ट्री का भंडाफोड़, छापेमारी में बड़ा खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जनपद के मंगलपुर स्थित एक इंटर कॉलेज में ‘शिक्षा के मंदिर’ को नकली कीटनाशक और खाद बनाने के काले कारोबार का अड्डा बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रमोद आलोक इंटरमीडिएट कॉलेज, जिसका स्वामित्व कांग्रेस नेता और पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. देवमणि तिवारी के पास है, वहां कृषि विभाग ने छापेमारी कर लाखों रुपये की अवैध दवाएं और खाद बरामद की है।

स्टिंग ऑपरेशन से हुआ भंडाफोड़

नकली दवाओं का यह खेल पिछले कई महीनों से सुनसान इलाके में स्थित इस स्कूल के भीतर चल रहा था। ‘रिजेंट अल्ट्रा’ कंपनी के एजेंट को जब नकली दवाओं की भनक लगी, तो उन्होंने कृषि विभाग को सूचित किया। विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर स्कूल भेजा। जैसे ही कर्मचारी ने उसे माल दिखाया, टीम ने धावा बोलकर फैक्ट्री का पर्दाफाश कर दिया।

बरामदगी और कार्रवाई

कृषि विभाग की टीम ने मौके से भारी मात्रा में अवैध सामान जब्त किया है। रिजेंट अल्ट्रा कंपनी के नाम पर पैक किए गए 430 पैकेट कीटनाशक। भारी मात्रा में डीएपी खाद, खाली बोरियां और पैकिंग मशीनें और मौके से एक मजदूर को हिरासत में लिया गया है। जिला कृषि अधिकारी राजेश कुमार यादव ने बताया कि बरामद दवाओं और खाद के सैंपल लैब भेज दिए गए हैं। बरामद माल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों में आंकी जा रही है।

स्कूल प्रबंधन पर मुकदमा

पुलिस ने इस मामले में स्कूल प्रबंधन और संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद किए गए अवैध माल को सीज कर दिया गया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों में आक्रोश है, क्योंकि उन्हें नकली कीटनाशक और खाद बेचकर उनकी फसल और मेहनत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।

Also Read: Ayodhya News: रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी ने टेका माथा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.