Amethi News: बेखौफ चोरों ने कैटर्स के घर बोला धावा, लाखों के जेवर और 85 हजार की नकदी पार
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिले के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां पूरे लदई दुबे (दक्खिनगांव क्यार) के रहने वाले सुरेश चंद्र मिश्रा के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे।
सूने घर में चोरों ने बोला धावा
पीड़ित सुरेश चंद्र मिश्रा, जो पेशे से कैटर्स का काम करते हैं, उन्होंने बताया कि रविवार की रात वह काम की वजह से घर पर मौजूद नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर चोर गेट के रास्ते घर के भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरों में रखी पेटी और अटैचियों के ताले तोड़ डाले और उनमें रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन और घर का कीमती सामान समेट लिया। गहनों के साथ-साथ चोर 85 हजार रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गए।
सुबह जब घर लौटे तो उड़े होश
सोमवार की सुबह जब सुरेश घर पहुंचे, तो बिखरा हुआ सामान और टूटे ताले देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित ने स्थानीय थाने में लिखित तहरीर देकर चोरों को पकड़ने और अपना सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले पर बाजार शुकुल के थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि चोरी की घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश के लिए जाल बिछाया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Also Read: CM हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ ओवैसी ने दर्ज कराई FIR, जानिए क्या है पूरा मामला?

