Amethi News: गौरीगंज पहुंचे विधायक राकेश प्रताप सिंह, अखिलेश यादव पर बोला हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के चलते समाजवादी पार्टी से निष्कासित किए गए गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह सोमवार को पहली बार अपने क्षेत्र पहुंचे। भाले सुल्तान पार्क में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखे शब्दों में निशाना साधा और साफ कर दिया कि उनके लिए धर्म सबसे ऊपर है चाहे इसके लिए उन्हें विधायकी छोड़नी क्यों न पड़ी हो।

धर्म पर आंच आई तो सबसे पहले आवाज मेरी होगी

सभा को संबोधित करते हुए राकेश प्रताप सिंह ने कहा अगर मैं रामचरितमानस जलाने पर तालियां बजाता, सनातन धर्म का अपमान चुपचाप सह लेता, तो आज शायद पार्टी में होता। लेकिन न तो मुझे अपनी विधायकी प्यारी है, न कुर्सी। अगर धर्म पर हमला हुआ, तो सबसे पहले आवाज मेरी उठेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह विधायक रहें या नहीं, राजनीति करें या छोड़ दें पर हिंदू धर्म के अपमान को कभी सहन नहीं करेंगे।

सपा में यादववाद का आरोप

विधायक राकेश प्रताप सिंह ने मंच से समाजवादी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में केवल एक जाति विशेष (यादव) के लिए काम किया जा रहा है। बाकी समाज की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी के भीतर आवाज़ उठाने वालों को चुप करा दिया जाता है, और विचारधारा के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है।

गौरीगंज में अपने पहले दौरे पर राकेश प्रताप सिंह का स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह फूल बरसाए गए। नारेबाजी के साथ उनका मंच तक स्वागत हुआ। लोगों ने “राकेश प्रताप ज़िंदाबाद” के नारे लगाए। उन्होंने अपने भाषण में जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा आप लोगों ने मुझे तीन बार विधायक बनाया है। आज भी मुझे आप पर उतना ही भरोसा है। राकेश प्रताप सिंह ने साफ कहा कि वह अब विचारधारा की राजनीति करेंगे। उनकी प्राथमिकताएं होंगी, धर्म की रक्षा, भारतीय संस्कृति का सम्मान, क्षेत्रीय अस्मिता की सुरक्षा।

Also Read: अखिलेश यादव पहुंचे KGMU, रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ, बोले- हमारी सरकार आई तो…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.