Amethi News: कल अमेठी दौरे पर रहेंगी स्मृति ईरानी, देवी मंदिरों में करेंगी पूजा-अर्चना
Amethi News: पूर्व केंद्रीय महिला एवं बाल विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी 29 सितंबर को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रही हैं। इस दौरान वह संसदीय क्षेत्र के प्रमुख शक्ति पीठों और देवी मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी और अमेठी वासियों के कल्याण, विकास और खुशहाली की कामना करेंगी।
पूजा-अर्चना के बाद लखनऊ के लिए रवाना होंगी
बीजेपी जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने बताया कि स्मृति ईरानी दिल्ली से लखनऊ पहुंचेंगी और वहां से सड़क मार्ग द्वारा तिलोई स्थित माता अहोरवा भवानी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह संग्रामपुर स्थित मां कालिकन धाम मंदिर में पूजन करेंगी और गौरीगंज स्थित मां दुर्गन भवानी मंदिर का भी दर्शन करेंगी। पूजा-अर्चना के बाद उनका काफिला लखनऊ के लिए रवाना होगा।
दौरे को आगामी राजनीतिक से जोड़कर देखा जा रहा
स्मृति ईरानी के इस दौरे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। अमेठी लोकसभा सीट बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए अहम मानी जाती है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद स्मृति ईरानी का अमेठी में कम दिखाई देना इस दौरे को आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस एक दिवसीय दौरे को लेकर सुरक्षा और कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय प्रशासन और बीजेपी कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के स्वागत और कार्यक्रम संचालन में जुटे हैं।

