Amethi News: सपा नेता जयसिंह ने शुरू की ‘PDA पाठशाला’, बच्चों को बांटी कॉपी-किताबें
Sandesh Wahak Digital Desk: जहां एक ओर सरकारी स्कूलों के बंद होने से ग्रामीण इलाकों के बच्चों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है, वहीं समाजवादी पार्टी के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने अमेठी जिले के भादर ब्लॉक स्थित रायपुर गांव में एक प्रेरणादायक पहल की है। यहां बंद हो चुके प्राथमिक विद्यालय के स्थान पर उन्होंने ‘PDA पाठशाला’ की शुरुआत की है, जहां बच्चों को पढ़ाया जा रहा है और शिक्षा से जोड़े रखने की कोशिश की जा रही है।

बिना किसी सरकारी मदद के समाजवादी पहल
इस पहल के तहत समाजवादी पार्टी के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने खुद बच्चों को किताबें, कॉपियां और पेन वितरित किए और यह आश्वासन दिया कि समाजवादी कार्यकर्ता अखिलेश यादव के आह्वान पर शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव योगदान देते रहेंगे। उन्होंने कहा “हम समाजवादी लोग शिक्षा को अधिकार मानते हैं, न कि व्यापार। हम हर उस बच्चे तक पहुंचना चाहते हैं जिसके पास स्कूल तो है, लेकिन पढ़ाई नहीं।”

अखिलेश यादव ने की सोशल मीडिया पर सराहना
इस प्रेरणादायक कदम की सराहना सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी की। उन्होंने इस पहल को अपने सोशल मीडिया हैंडल्स – फेसबुक, इंस्टाग्राम और X (पूर्व में ट्विटर) – पर साझा करते हुए लिखा “PDA समाज के युवाओं ने जिस तरह से AI के माध्यम से ‘PDA पाठशाला’ की संकल्पना को साकार किया है, वो सराहनीय है। कुछ गाँवों के नौजवान तो साइकिल पर किताबें रखकर बच्चों को पढ़ाने निकल पड़े हैं।”

अखिलेश यादव ने आगे लिखा “भाजपा वाले हर चीज़ को व्यापार मानते हैं, लेकिन शिक्षा नफे-नुकसान की चीज़ नहीं, बल्कि भविष्य गढ़ने का ज़रिया है। समाजवादी पार्टी के लिए शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन हमेशा से सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी।”
क्या है ‘PDA पाठशाला’?
‘PDA पाठशाला’ दरअसल समाजवादी पार्टी की उस सामाजिक सोच का हिस्सा है जिसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) समुदायों के बच्चों को शिक्षा के ज़रिए आगे बढ़ने का अवसर देने की कोशिश की जा रही है। जब सरकारी तंत्र कमजोर पड़ता है, तब समाज के संवेदनशील लोग आगे आकर जिम्मेदारी उठाते हैं यही उदाहरण अमेठी के इस छोटे से गांव में देखने को मिला।
Also Read: कारगिल के वीरों को याद कर नम हुईं आंखें, लखनऊ छावनी में ‘स्मृतिका’ पर हुआ श्रद्धांजलि समारोह

