अमेठी: दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के ‘खास मेहमान’ बनेंगे दो ग्राम प्रधान, मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

Sandesh Wahak Digital Desk: इस बार 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड अमेठी जिले के लिए बेहद खास होने वाली है। जिले की दो ग्राम पंचायतों  मरौचा तेतारपुर और कपूरीपुर के ग्राम प्रधानों को भारत सरकार की ओर से इस गौरवशाली समारोह में शामिल होने का आधिकारिक न्योता मिला है। यह सम्मान इन पंचायतों में हुए विकास के बेमिसाल और ‘स्मार्ट’ कार्यों के आधार पर दिया गया है।

मरौचा तेतारपुर: जहां सौर ऊर्जा से चलती है आटा मिल

जगदीशपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मरौचा तेतारपुर ने विकास की नई इबारत लिखी है। ग्राम प्रधान दिनेश मौर्या के नेतृत्व में यहां कुछ ऐसे काम हुए हैं, जो अब मिसाल बन चुके हैं। यहां सार्वजनिक पुस्तकालय, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र और महिलाओं के लिए सिलाई केंद्र सफलतापूर्वक चल रहे हैं। गांव में सोलर शक्ति केंद्र और सौर ऊर्जा से चलने वाली आटा मिल लगाई गई है।

इन्हीं कार्यों के चलते इस पंचायत को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत 35 लाख रुपये की राशि मिल चुकी है। दिनेश मौर्या कहते हैं, “दिल्ली का बुलावा पूरे गांव का सम्मान है। इससे दूसरी पंचायतों को भी बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी।”

दो बार जीत चुका है प्रदेश स्तरीय पुरस्कार

दूसरी ओर, ग्राम पंचायत कपूरीपुर के प्रधान उमापति तिवारी ने अपनी पंचायत को ‘मॉडल ग्राम’ में बदल दिया है। यह पंचायत दो बार मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के तहत प्रदेश स्तर पर सम्मानित हो चुकी है। पहली बार जिले में तीसरा स्थान मिला, तो 7 लाख की राशि मिली और दूसरी बार 11 लाख रुपये स्वीकृत हुए। इस राशि से गांव में पंचायत भवन, आधुनिक गोशाला, अन्नपूर्णा भवन और पक्की इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण कराया गया।

डीपीआरओ ने दी शुभकामनाएं

जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) मनोज त्यागी ने बताया कि पंचायती राज विभाग की ओर से दोनों प्रधानों को आमंत्रण पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के तहत जिन पंचायतों ने उत्कृष्ट कार्य किए हैं, उनके प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय मंच पर भागीदारी का यह सुनहरा अवसर दिया गया है।

अमेठी के इन दो ‘विकास पुरुष’ प्रधानों का दिल्ली जाना न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

Also Read: बागपत: बकरी पालन का पैसा दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, विभाग में मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.