अमेठी: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर मचा बवाल, यादव महासभा ने DM को सौंपा ज्ञापन

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी में जिले में एक प्रस्तावित फिल्म को लेकर माहौल गरमा गया। अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा के जिला अध्यक्ष उदय राज यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। मामला “यादव जी की लव स्टोरी” नामक फिल्म से जुड़ा है, जिसे महासभा ने समाज की गरिमा के खिलाफ बताया है।

“जाति विशेष को निशाना बनाना बर्दाश्त नहीं”

ज्ञापन सौंपते हुए उदय राज यादव ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें इस फिल्म के बारे में पता चला है। आरोप है कि फिल्म में एक विशेष जाति (यादव समाज) को केंद्र में रखकर जिस तरह का प्रेम प्रसंग फिल्माया गया है, उससे पूरे समुदाय की भावनाएं आहत हो रही हैं। महासभा का तर्क है कि किसी भी जाति को लक्षित करना या उसे दूसरे धर्म से जोड़कर विवादित कहानी पेश करना निंदनीय है।

सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका

उदय राज यादव ने पत्र में साफ तौर पर लिखा कि उत्तर प्रदेश और पूरा देश फिलहाल शांति और सद्भाव के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में इस तरह की फिल्में समाज के ताने-बाने को नुकसान पहुंचा सकती हैं। महासभा ने आशंका जताई है कि यदि यह फिल्म रिलीज होती है, तो बेवजह विवाद और टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है।

फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के प्रदर्शन और प्रचार पर तुरंत पाबंदी लगाई जाए। फिल्म के निर्माता, निर्देशक और कलाकारों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। फिल्म की विषयवस्तु की गहन जांच की जाए ताकि किसी भी समुदाय के सम्मान से खिलवाड़ न हो।

सैकड़ों पदाधिकारियों ने भरी हुंकार

इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य के.डी. सरोज, महेंद्र यादव (मोनू), सूबेदार सिंह यादव समेत सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे शीघ्र मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया जाए। प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

महासभा के नेताओं का कहना है कि वे अभिव्यक्ति की आजादी के विरोधी नहीं हैं, लेकिन आजादी के नाम पर किसी समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना उन्हें कतई स्वीकार नहीं है।

Also Read: PDA दिवस पर अखिलेश का सियासी वार, बोले- ‘जरूरी नहीं कि कलम जिसकी हो, लफ्ज भी उसी के हों’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.