मिडिल ईस्ट तनाव के बीच रोजाना 75 लाख से अधिक LPG Cylinder की बुकिंग, सरकार सख्त

Sandesh Wahak Digital Desk: मिडिल ईस्ट में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी जंग और होर्मुज स्ट्रेट में बने गतिरोध के कारण भारत में गैस सिलेंडर ( LPG Cylinder) को लेकर चिंता जताई जा रही है। इन परिस्थितियों के बीच केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में कुकिंग गैस को लेकर किसी तरह का संकट नहीं है। सरकार ने कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए हैं।

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में क्रूड की 258 मिलियन टन रिफाइनरी क्षमता मौजूद है और यह पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति भी पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

सरकार की अपील, पैनिक बाइंग से बचें

सरकार ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर ( LPG Cylinder) को लेकर घबराहट में ज्यादा बुकिंग न करें। सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में लगभग 25 हजार गैस डिस्ट्रीब्यूटर के पास पर्याप्त गैस उपलब्ध है। पहले रोजाना लगभग 50 लाख गैस सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन मौजूदा हालात में पैनिक के कारण यह संख्या बढ़कर 75 लाख या उससे ज्यादा हो रही है।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है और सामान्य तरीके से ही बुकिंग करनी चाहिए। साथ ही यह भी सलाह दी गई कि लोग लूज पेट्रोल या डीजल खरीदने से बचें।

कालाबाजारी पर कार्रवाई के निर्देश

केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर ( LPG Cylinder) की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ बैठक भी की गई है। राज्यों ने भरोसा दिलाया है कि कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों ने भी इस मामले की समीक्षा की है और जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। कई राज्यों में कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं, जो रोजाना स्थिति की जानकारी दे रहे हैं।

कई राज्यों में कार्रवाई के उदाहरण

सरकार के मुताबिक अलग-अलग राज्यों में गैस सिलेंडर ( LPG Cylinder) की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। उत्तर प्रदेश के झांसी में एक ट्रक चोरी का मामला सामने आया जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। इसी तरह हापुड़ में एक घर से सिलेंडर बरामद किए गए हैं। मध्य प्रदेश में भी सिलेंडर की जमाखोरी के मामलों में कार्रवाई की गई है।

सरकार ने साफ किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं और अस्पतालों को एलपीजी की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।

वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार

सरकार ने बताया कि घरेलू उत्पादन में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके अलावा 48 हजार किलोलीटर मिट्टी के तेल का आवंटन भी किया गया है, जिसे राज्य अपने स्तर पर वितरित करेंगे। कोयले की आपूर्ति को लेकर भी कोयला मंत्रालय ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि पैनिक बुकिंग से बचें और सामान्य तरीके से बुकिंग करके गैस सिलेंडर मंगाएं।

अफवाहों से सावधान रहने की सलाह

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव सेंथिल राजन ने कहा कि गैस की कालाबाजारी को लेकर कई खबरें सामने आई हैं और कुछ डिजिटल स्कैमर्स भी अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि पोर्ट पर पर्याप्त संख्या में जहाज आ रहे हैं और कार्गो के लिए भी पूरी तैयारी है। इसके साथ ही भारत ने सभी पक्षों से संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है और ब्रिक्स देशों से भी इस संबंध में बातचीत की गई है।

PNG की ओर शिफ्ट होने का विकल्प भी मौजूद

सरकार ने यह भी बताया कि लगभग सात लाख परिवार ऐसे हैं जो चाहें तो तुरंत एलपीजी से पीएनजी कनेक्शन पर शिफ्ट हो सकते हैं। सरकार के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस ( LPG Cylinder) की आपूर्ति की जा रही है और राज्यों को भी यह अधिकार दिया गया है कि वे स्थानीय जरूरतों के अनुसार प्राथमिकता तय करें। सरकार ने दोहराया है कि देश में LPG Supply India को लेकर किसी प्रकार का संकट नहीं है और सभी उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति जारी रहेगी।

 

Also Read: राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने किया ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का उद्घाटन, जाम के झाम से मिलेगी निजात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.