मछुआरों के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हूं : पीएम मोदी
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए अतिरिक्त व्यापार शुल्क (टैरिफ) के संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों का हित उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए वह कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक भाषण में कहा, हमारे लिए अपने किसानों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारत अपने किसानों, पशु पालकों और मछुआरे भाई-बहनों के हितों के साथ कभी भी समझौता नहीं करेगा। मैं जानता हूं कि व्यक्तिगत रूप से मुझे बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। लेकिन मैं इसके लिए तैयार हूं। मेरे देश के मछुआरों के लिए, मेरे देश के पशु पालकों के लिए आज भारत तैयार है।
रूस से तेल खरीद को लेकर अमेरिका का सख्त रुख
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने का आदेश जारी किया है। इस फैसले के पीछे की मुख्य वजह भारत द्वारा रूस से लगातार तेल खरीदना बताया गया है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, यह कदम यूक्रेन युद्ध के चलते रूस पर लगे प्रतिबंधों को और प्रभावी बनाने के लिए उठाया गया है।
ट्रंप ने पिछले सप्ताह ही इस अतिरिक्त शुल्क की घोषणा की थी, जिसे अब एक कार्यकारी आदेश के जरिए आधिकारिक रूप से लागू किया गया है। आदेश में कहा गया है कि भारत प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल आयात कर रहा है, जिसे अमेरिका अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के लिए खतरा मानता है।
27 अगस्त से लागू होगा नया टैरिफ
यह नया शुल्क आदेश जारी होने के 21 दिन बाद, यानी 27 अगस्त से प्रभावी होगा। हालांकि, वे भारतीय सामान जो उस तारीख से पहले भेजे जा चुके होंगे और 17 सितंबर से पहले अमेरिकी सीमा शुल्क से क्लियर हो जाएंगे, उन्हें इस शुल्क से छूट मिलेगी। इसके अलावा, अमेरिका ने अन्य देशों को भी चेतावनी दी है कि वे रूस से तेल व्यापार करने से बचें, अन्यथा उन पर भी इसी तरह के प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
Also Read: डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ हमले पर पीएम मोदी का करारा जवाब, बोले– किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं

