मिडिल ईस्ट में संकट के बीच PM मोदी की ‘इमरजेंसी’ मीटिंग, देश में तेल और गैस की सप्लाई पर लिया बड़ा फैसला
Sandesh Wahak Digital Desk: मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में गहराते युद्ध और ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक ऊर्जा संकट को जन्म दे दिया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम अपने आधिकारिक आवास पर एक अति-महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का मुख्य एजेंडा देश में पेट्रोलियम, कच्चे तेल, गैस, बिजली और उर्वरक (खाद) की आपूर्ति को बिना किसी रुकावट के जारी रखना और ‘ऊर्जा सुरक्षा’ सुनिश्चित करना रहा।
सरकार के ‘संकटमोचक’ रहे मौजूद
प्रधानमंत्री की इस बैठक में सरकार के लगभग सभी प्रमुख रणनीतिकार शामिल हुए। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत कई अन्य कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
स्ट्रैट ऑफ होर्मुज: 20% ऊर्जा सप्लाई पर खतरा
बैठक में इस बात पर चिंता जताई गई कि ईरान के नियंत्रण वाले स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (जहाजी मार्ग) पर जहाजों की आवाजाही सीमित हो गई है। दुनिया की 20% ऊर्जा आपूर्ति इसी मार्ग से होती है। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार ग्लोबल सप्लाई चेन में आई बाधाओं को दूर करने के लिए सऊदी अरब, यूएई, इजरायल और ईरान समेत कई देशों के राष्ट्रप्रमुखों से सीधे संपर्क में है।
LPG संकट पर बड़ी राहत: पैनिक बुकिंग थमी
देशवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि घरेलू एलपीजी (LPG) की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सरकार के सक्रिय कदमों से डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) के जरिए पारदर्शी वितरण से अफरा-तफरी रुकी है। होटलों और ढाबों के लिए कमर्शियल एलपीजी आपूर्ति को बढ़ाकर 50% तक कर दिया गया है। प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो के छोटे सिलेंडरों की विशेष व्यवस्था की गई है। पाइप वाली नेचुरल गैस (PNG) के कनेक्शन देने में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
जमाखोरी पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया है कि युद्ध की आड़ में तेल या गैस की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देशभर में छापेमारी जारी है और जमाखोरों पर सख्त एक्शन लिया जा रहा है। साथ ही, युद्ध क्षेत्र में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और कई भारतीयों को सुरक्षित वापस भी लाया गया है।
Also Read: केसी त्यागी ने थामा जयंत चौधरी का हाथ, बोले- JDU और RLD में कोई फर्क नहीं

